बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव दिल्ली से इलाज कराकर आज लौटेंगे रायपुर
रायपुर । संवाददाता: उत्तर प्रदेश के ललितपुर में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद नई दिल्ली के मेदांता अस्पताल में किरण सिंहदेव का इलाज चल रहा था, जहाँ सफल ऑपरेशन के बाद अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं. दिल्ली में उपचार के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई वरिष्ठ दिग्गजों ने उनसे मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना था.
अब स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव बुधवार शाम दिल्ली से रवाना होकर रात 8 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं.
किरण सिंहदेव के आगमन को लेकर राजधानी रायपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, जो एयरपोर्ट पर उनके भव्य स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं. रायपुर पहुंचते ही वे पुनः संगठन के प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालेंगे.
किरण सिंहदेव की इस सकुशल वापसी और जिम्मेदारी संभालने के साथ ही बीते कुछ समय से नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर राज्य के सियासी गलियारों में चल रही तमाम अटकलों पर भी अब पूर्ण विराम लग गया है.
गौरतलब है कि गत 29 जुलाई को किरण सिंहदेव अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम के दर्शन कर लौट रहे थे. इसी दौरान झांसी-ललितपुर नेशनल हाइवे-44 पर तालबेहट क्षेत्र में उनकी कार आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई थी.
इस सड़क दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें तुरंत झांसी में प्राथमिक चिकित्सा देकर बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया था. पार्टी ने पहले ही नेतृत्व परिवर्तन की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होकर लौटने का भरोसा जताया था, जो अब सच साबित हो रहा है.