एपस्टीन विवाद के बीच बिल गेट्स ने इंडिया AI इम्पैक्ट समिट से वापस लिया नाम
नई दिल्ली । डेस्क: माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स अब 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' में अपना पूर्व निर्धारित मुख्य भाषण नहीं देंगे. गेट्स फाउंडेशन ने गुरुवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शिखर सम्मेलन की प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है.
फाउंडेशन के अनुसार, गेट्स की जगह अब अफ्रीका और भारत कार्यालयों के अध्यक्ष अंकुर वोरा गुरूवार को समिट को संबोधित करेंगे.
यह घटनाक्रम उन मीडिया रिपोर्ट्स के बाद सामने आया है जिनमें दावा किया गया था कि आयोजक स्वर्गीय जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में बिल गेट्स का नाम आने के बाद उन्हें मंच देने में असहज महसूस कर रहे थे.
पिछले महीने अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी ईमेल से पता चला था कि एपस्टीन और गेट्स के बीच परोपकारी कार्यों को लेकर कई मुलाकातें हुई थीं.
हालांकि गेट्स ने इन मुलाकातों को एक बड़ी गलती बताया है और उनके खिलाफ किसी भी तरह के गलत काम का कोई आरोप नहीं है, लेकिन हालिया खुलासों के बाद विवाद बढ़ गया था.
गौरतलब है कि बिल गेट्स सोमवार को ही भारत पहुंचे थे और उन्होंने विजयवाड़ा में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की थी.
समिट के मूल कार्यक्रम के अनुसार, उन्हें 19 फरवरी को भारत मंडपम में 12 मिनट का संबोधन देना था, लेकिन मंगलवार सुबह ही उनका नाम मुख्य प्रतिभागियों की सूची से हटा दिया गया था. फाउंडेशन ने स्पष्ट किया है कि वे भारत में स्वास्थ्य और विकास के लक्ष्यों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे.