शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर: तालाब किनारे खेल रहे दो मासूम भाइयों की डूबने से मौत

C

CG Khabar

22 अग. 2026, 01:32 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

पानी में डूबना
पानी में डूबना

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक पिता की थोड़ी सी अनदेखी के कारण परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. पचपेड़ी थाना क्षेत्र के चिल्हाटी गांव में बृहस्पतिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों दीपू पैकरा (7 वर्ष) और चिंटू पैकरा (4 वर्ष) की तालाब में डूबने से मौत हो गई.


मिली जानकारी के मुताबिक, किसान पिता भक्त प्रहलाद अपने दोनों छोटे बच्चों को गांव के ही एक तालाब के पास ले गए थे. वह बच्चों को तालाब के किनारे छोड़कर खुद थोड़ा दूर जाकर मोबाइल पर किसी से बात करने लगे. इसी दौरान किनारे पर खेल रहा 4 साल का चिंटू अचानक फिसलकर गहरे पानी में चला गया.

विज्ञापन


छोटे भाई को पानी में छटपटाता देख 7 साल का बड़ा भाई दीपू बिना सोचे-समझे उसे बचाने के लिए तालाब में कूद पड़ा. हालांकि, पानी गहरा होने के कारण दीपू भी खुद को संभाल नहीं पाया और दोनों बच्चे डूबने लगे.


पास से गुजर रहे एक स्थानीय युवक ने जब बच्चों को डूबते देखा तो शोर मचाया. आवाज सुनकर तुरंत आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर दोनों भाइयों को बाहर निकाला. 


परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें पहले पचपेड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए मस्तूरी अस्पताल रेफर कर दिया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों मासूमों को मृत घोषित कर दिया.


एक साथ दो चिरागों के बुझने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. ग्रामीण इलाकों में बिना बाउंड्री वाले खुले तालाबों के पास छोटे बच्चों की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर इस घटना ने एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP