बिलासपुर: दो सगे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सीपत थाना इलाके के नरगोड़ा गांव में तालाब में नहाने गए दो सगे भाइयों की पानी में डूबने से असमय मौत हो गई. इस दुखद हादसे के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है. सबसे ज्यादा हृदयविदारक बात यह है कि यह पीड़ित परिवार महज एक दिन पहले ही दिल्ली से अपने गांव लौटा था.
रविवार को बच्चों के दादा का दशकर्म (श्राद्ध) कार्यक्रम होना था, जिसके लिए रोजी-रोटी के सिलसिले में दिल्ली में रहने वाले पिता किशोर कुमार खरे गुरुवार को ही सपरिवार गांव आए थे. परिवार अभी एक शोक से उबर भी नहीं पाया था कि शुक्रवार की सुबह इस दोहरी त्रासदी ने पूरे हंसते-खेलते कुनबे को उजाड़ कर रख दिया.
यह पूरी घटना शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे के आसपास की बताई जा रही है. नरगोड़ा के लुदियापारा के रहने वाले किशोर कुमार खरे के दो मासूम बेटे, ऋषभ कुमार खरे और रितेश कुमार खरे, अपने एक स्थानीय दोस्त निहाल के साथ गांव के ही नए तालाब में नहाने के लिए गए हुए थे.
नहाने के दौरान दोनों सगे भाई पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और अचानक गहरे पानी में समाने लगे. उन्हें डूबता देख साथ गया दोस्त निहाल बुरी तरह घबरा गया. उसने तुरंत दौड़कर गांव और परिजनों को इसकी जानकारी दी.
हादसे की खबर मिलते ही चीख-पुकार मच गई और परिजन व ग्रामीण भागते हुए तालाब की तरफ दौड़े. स्थानीय ग्रामीण जोगीराम सूर्यवंशी और अन्य लोगों ने बिना वक्त गंवाए पानी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला.
हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों मासूमों की सांसें थम चुकी थीं. घटना की सूचना पाकर सीपत थाना पुलिस भी फौरन मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए. शुरुआती जांच में मौत की वजह पानी में डूबना ही सामने आई है.