खड़े ट्रक से टकराई बाइक, 2 दोस्तों की मौत
राजिम | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे गोबरा नवापार थाना क्षेत्र में बीती रात को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. दोनों युवक दोस्त थे और बाइक से नवा रायपुर से जा रहे थे. उसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पुलिस के मुताबिक नवागांव निवासी डेमन साहू और जितेन्द्र ध्रुव शनिवार को किसी काम से नवा रायपुर आए थे. काम निपटाने के बाद दोनों रात को वापस अपने गांव लौट रहे थे.
इसी दौरान नवागांव-नवा रायपुर मार्ग पर नवागांव से एक किमी दूर बीआईपी रोड पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए.
अंधेरा होने और बाइक की रफ्तार तेज होने की वजह से बाइक चालक ट्रक को देख नहीं पाया और पीछे से जा टकराया.
टक्कर से दोनों युवकों का सिर फट गया, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई. ट्रक में सरिया भरा हुआ था.
आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को नवापारा सीएचसी लेकर आई, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
दोनों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ट्रक चालक की लापरवाही की वजह से घटना हुई है. ट्रक चालक ने किसी प्रकार का संकेतक लाइट भी नहीं जलाया था. जिस वजह से ट्रक दिखाई नहीं दिया.
इस मार्ग पर कहीं भी ट्रक चालक रात में वाहन खड़ा कर देते हैं. जिसे आए दिन घटनाएं हो रही हैं. दोनों ही युवकों पर परिवार की जिम्मेदारी थी.
घटना के बाद से दोनों के घरों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ट्रक जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.