बीकानेर: A+ रक्त ग्रुप के मरीज को B+ ग्रुप का रक्त चढ़ाया
बीकानेर । डेस्क: राजस्थान के बीकानेर स्थित पीबीएम अस्पताल के आचार्य तुलसी कैंसर विंग में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक 75 वर्षीय महिला मरीज को कथित तौर पर गलत ब्लड ग्रुप का रक्त चढ़ा दिया गया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में जांच के आदेश दिए गए हैं.
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, भवानी देवी नाम की महिला को गंभीर एनीमिया के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बुधवार शाम को उनके इलाज के दौरान ब्लड ट्रांसफ्यूजन किया जा रहा था.
परिजनों का आरोप है कि भवानी देवी का ब्लड ग्रुप 'A पॉजिटिव' है और उन्हें पहली यूनिट सही चढ़ाई गई थी, लेकिन ब्लड बैंक से दूसरी यूनिट 'B पॉजिटिव' रक्त की सप्लाई कर दी गई. ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ ने बिना क्रॉस-चेकिंग किए इसे मरीज को चढ़ा दिया.
ट्रांसफ्यूजन के दौरान जब एक रिश्तेदार की नजर ब्लड यूनिट पर लिखे ग्रुप पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत डॉक्टरों को सूचित किया.
इसके बाद प्रक्रिया को रोककर आपातकालीन उपचार शुरू किया गया.
सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि मरीज की स्थिति अब स्थिर है.
उन्होंने कहा कि इस गंभीर लापरवाही की जांच के लिए एक कमेटी गठित की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. Symbolic Photo