बीजापुर: इंद्रावती टाइगर रिजर्व में युवक पर भालू का हमला
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में इंद्रावती टाइगर रिजर्व के पिल्लूर रेंज अंतर्गत नीलमड़गु के जंगलों में भालू के हमले से एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के वक्त युवक जंगल में मौजूद था, तभी अचानक भालू ने उस पर हमला बोल दिया.
भालू के हमले में उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह उसे बचाया और फौरन भोपालपटनम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है.
इस वारदात के बाद से नीलमड़गु और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल है. जंगली जानवरों की आवाजाही को देखते हुए ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है और लोग अब जंगलों की ओर जाने में सावधानी बरत रहे हैं.
इधर वन विभाग की टीम भी मुस्तैद हो गई है. पिल्लूर के वन परिक्षेत्र अधिकारी सुमीत साहा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विभाग के कर्मचारियों को अस्पताल भेजा गया है.
उन्होंने आश्वस्त किया है कि डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार मुआवजा प्रकरण तैयार किया जाएगा. फिलहाल युवक की पहचान और उसकी स्थिति से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है, जबकि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हमले की परिस्थितियों और भालू की मौजूदगी की जांच में जुटी हुई है.