शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

भिलाई: प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने की खुदकुशी

J

J K Kar

21 जून 2026, 01:44 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग जिले के भिलाई में कल्याण कॉलेज के एक छात्र ने सेक्टर-4 स्थित बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. मृतक की पहचान 22 वर्षीय दीपांशु वर्मा के रूप में हुई है, जिसके पिता भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारी हैं. 


बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद दीपांशु नौकरी की तलाश में था और लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. शुरुआती जांच के अनुसार, वह खुद ही साइकिल से रस्सी खरीदकर सुनसान स्कूल बिल्डिंग पहुंचा था.

विज्ञापन


घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मृतक का दर्द और सुलगते सवाल साफ नजर आ रहे हैं. 


दीपांशु ने नोट में लिखा, "मुझसे इतनी नफ़रत के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. मेरे शरीर को दफ़नाया नहीं जाना चाहिए, इसका अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए." हालांकि, इस खत में उसने किसी भी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लिखा है और न ही आत्मघाती कदम उठाने की कोई स्पष्ट वजह बताई है.


परिजनों ने बताया कि रोज की तरह वह सामान्य रूप से घर से निकला था. जाने से पहले उसने अपनी सो रही मां से 100 रुपए मांगे थे, लेकिन नींद में होने के कारण मां उस समय उसकी बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दे पाईं. 


जब दीपांशु देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिवार ने उसकी खोजबीन शुरू की. इसी बीच बंद पड़े स्कूल परिसर में एक युवक का शव लटके होने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने उसकी शिनाख्त की. 


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और सुसाइड नोट की कड़ाई से जांच करते हुए आत्महत्या के असली कारणों का पता लगाने में जुट गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP