भिलाई: आशिक ने फार्मेसी छात्रा को उतारा मौत के घाट
भिलाई । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार में पागल युवक ने 19 वर्षीय फार्मेसी छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी. मृतका की पहचान बेमेतरा निवासी खुशी साहू के रूप में हुई है, जो रामनगर इलाके में एक पेइंग गेस्ट (PG) में रहकर फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिंटू साहू (24 वर्ष) को बलौदाबाजार से दबोच लिया है. शनिवार को पुलिस टीम ने वारदात वाली जगह पर ले जाकर आरोपी से पूरे घटनाक्रम का सीन रिक्रिएशन भी कराया.
जांच में यह बात सामने आई है कि बलौदाबाजार का रहने वाला बेरोजगार युवक पिंटू साहू पिछले एक महीने से खुशी को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन करके प्रताड़ित कर रहा था. परेशान होकर मृतका ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था. इस बात से बौखलाए आरोपी ने हत्या की खौफनाक साजिश रची और इसके लिए ऑनलाइन एक चाकू भी ऑर्डर किया.
वारदात वाले दिन शुक्रवार की सुबह आरोपी ने दोबारा खुशी को फोन लगाने की कोशिश की, लेकिन संपर्क न होने पर उसने मृतका की सहेली को कॉल किया. सहेली ने जब यह कहा कि खुशी के पास फोन नहीं है, तो आरोपी बाइक उठाकर सीधे भिलाई स्थित उसके किराए के कमरे पर पहुंच गया.
जिस वक्त आरोपी कमरे में दाखिल हुआ, उस समय खुशी की सहेली नहाने गई हुई थी और खुशी अकेली थी. कमरे में दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आपा खो चुके पिंटू ने पहले खुशी का गला घोंटकर उसे बेसुध कर दिया. इसके बाद उसने अपने साथ लाए चाकू से खुशी के पेट, पीठ और हाथ पर ताबड़तोड़ 10 वार किए. अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
इस हिंसक वारदात के दौरान आरोपी के खुद के हाथ में भी गंभीर चोट आई, जिसके बाद वह मौके से भागकर सीधे रायपुर की तरफ फरार हो गया. जब मृतका की सहेली बाथरूम से बाहर आई, तो कमरे का मंजर देखकर सन्न रह गई. उसने तुरंत मकान मालिक और आसपास के लोगों को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस को इत्तिला दी गई. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने खुशी को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस पड़ताल में यह भी खुलासा हुआ है कि खुशी ने घटना से करीब एक हफ्ते पहले अपने भाई को इस उत्पीड़न के बारे में बताया था. आरोपी पिंटू ने दो दिन पहले मृतका के भाई को भी फोन पर धमकी दी थी. इतना ही नहीं, वह उस कैफे संचालक को भी डरा-धमका रहा था जहां खुशी अपनी पढ़ाई के खर्च के लिए पार्ट-टाइम जॉब करती थी.
आरोपी चाहता था कि खुशी नौकरी छोड़ दे और उससे शादी करने के लिए तैयार हो जाए. खुशी के भाई ने गुरुवार को ही उसे भिलाई छोड़ा था और अगले ही दिन इस दर्दनाक घटना को अंजाम दे दिया गया. पुलिस आज इस पूरे मामले का औपचारिक खुलासा करने जा रही है.