भिलाई: ऑनलाइन ट्रेडिंग के जाल में फंसा हड़पे 45 लाख रुपये
भिलाई । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के भिलाई में साइबर ठगों ने निवेश के नाम पर एक रिटायर्ड बीएसपी कर्मचारी के साथ लाखों की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है. ठगों ने फेसबुक पर देश की दिग्गज हस्तियों और राजनेताओं के फर्जी वीडियो का सहारा लेकर पीड़ित का भरोसा जीता और उनसे किस्तों में कुल 45.18 लाख रुपये ऐंठ लिए.
यह मामला तब उजागर हुआ जब पीड़ित ने अपनी जमा पूंजी वापस मांगी और जालसाजों ने टैक्स के नाम पर और पैसों की मांग शुरू कर दी.
पीड़ित जयंत बागची, जो सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भिलाई स्टील प्लांट में कार्यरत थे, ने बताया कि मार्च 2026 में सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखकर वे इस झांसे में आए. विज्ञापन में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, सचिन तेंदुलकर और सुधा मूर्ति जैसे प्रतिष्ठित चेहरों का इस्तेमाल कर निवेश पर भारी मुनाफे का दावा किया गया था.
शुरुआत में पंजीकरण के नाम पर करीब 19 हजार रुपये लिए गए, जिसके बाद 'कृतिका' और 'सिद्धार्थ' जैसे कथित मैनेजरों ने उन्हें व्हाट्सएप के जरिए अपने जाल में फंसाया.
जालसाजों ने वैश्विक बाजार का हवाला देकर पीड़ित को अलग-अलग स्कीमों में निवेश करने के लिए उकसाया. हद तो तब हो गई जब ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का फायदा उठाते हुए उन्हें सोने (Gold) में निवेश करने की सलाह दी गई, जिसके नाम पर उनसे 25 लाख रुपये ले लिए गए.
पीड़ित का विश्वास बनाए रखने के लिए ठगों ने शुरुआत में कुछ हजार रुपये उनके खाते में 'प्रॉफिट' के रूप में वापस भी भेजे, जिससे उन्हें लगा कि उनका पैसा सुरक्षित है.
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब बागची ने अपनी कुल रकम निकालने की कोशिश की. ठगों ने उनका अकाउंट फ्रीज कर दिया और 2.71 लाख अमेरिकी डॉलर का काल्पनिक मुनाफा दिखाते हुए, उसे रिलीज करने के बदले 15 प्रतिशत टैक्स की मांग की.
जब उनसे अरुणाचल प्रदेश के किसी अनजान खाते में 12 लाख रुपये जमा करने को कहा गया, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ. फिलहाल, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से उन बैंक खातों की कुंडली खंगाली जा रही है, जिनमें ठगी की राशि ट्रांसफर की गई थी.