शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ओडिशा में बंगाली श्रमिक की हत्या, ममता बनर्जी ने जताया विरोध

C

CG Khabar

27 दिस. 2025, 04:23 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

ममता बनर्जी
ममता बनर्जी

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा शासित ओडिशा के संबलपुर में एक बंगाली प्रवासी श्रमिक की कथित तौर पर पीट-पीटकर की गई हत्या की कड़ी निंदा की है. सोशल मीडिया पर अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया और भाजपा शासित राज्यों में बांग्ला भाषियों पर हो रहे हमलों के प्रति 'धिक्कार' जताया. 


उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता देने का वादा किया है और स्पष्ट किया कि "बांग्ला भाषा बोलना कोई अपराध नहीं हो सकता."


यह घटना पिछले बुधवार रात की है, जब मुर्शिदाबाद जिले के सुती इलाके के निवासी ज्वेल राणा को बांग्लादेशी होने के संदेह में संबलपुर के शांतिनगर इलाके में भीड़ ने बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई. 


हमले में उनके दो अन्य साथी, पलाश शेख और आमिर शेख भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. 


ममता बनर्जी ने जानकारी दी कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने सुती थाने में 'जीरो एफआईआर' दर्ज की है और अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. 


राज्य पुलिस की एक विशेष टीम जांच के लिए ओडिशा रवाना हो चुकी है. इस घटना के बाद ओडिशा में काम कर रहे बंगाल के श्रमिकों में भारी दहशत है और कई श्रमिक डर के कारण अपने घर लौट रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP