बलौदाबाजार: पराली जलाते समय आग से महिला की मौत
बलौदाबाजार । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां कसडोल थाना क्षेत्र के सेल गांव में 46 वर्षीय महिला प्रभा साहू की खेत में लगी आग में झुलसने से मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब खेत में धान की कटाई के बाद बची पराली (स्टबल) जलाई जा रही थी.
मृतका खेत से पुआल इकट्ठा करने गई थी, तभी आग की लपटों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया. आग के धुएं के कारण दम घुटने और बुरी तरह झुलसने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
कसडोल थाना प्रभारी शशांक सिन्हा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण पराली जलाना बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस इस बात की विस्तृत जांच कर रही है कि आग अचानक इतनी तेजी से कैसे फैली.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा. इस हादसे के बाद सेल गांव में शोक की लहर है और परिजनों का बुरा हाल है. (Symbolic Photo)