बालोद एसिड अटैक केस: शादी से इनकार पर हमला, प्रेमी समेत 2 गिरफ्तार
बालोद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बालोद में लाइब्रेरी से पढ़ाई कर लौट रही प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा पर हुए एसिड अटैक की वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. मामले की तहकीकात में सामने आया कि इस हमले का मास्टरमाइंड कोई अज्ञात बदमाश नहीं, बल्कि युवती का ही परिचित यश कुमार सोनकर (20) है.
विवाह का प्रस्ताव ठुकराए जाने और छात्रा के किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क में होने के संदेह के चलते उसने अपने विद्यालय के पुराने मित्र करण कुंजाम (20) के साथ मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम देने की योजना बनाई थी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हमले की पटकथा करीब तीन महीने पहले ही तैयार कर ली गई थी. योजना के तहत 5 अक्टूबर की दोपहर लगभग 12:30 बजे जब पीड़िता सिंचाई कॉलोनी के पास एक सुनसान मार्ग से गुजर रही थी, तभी बीजापुर निवासी करण कुंजाम ने उसे रोककर उस पर तेजाब फेंक दिया.
घटना के बाद आरोपी तांदुला बांध के रास्ते भागकर कोंडागांव की ओर निकल गया. झुलसी हालत में राहगीरों की मदद से छात्रा को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ से उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थानांतरित कर दिया गया.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर छानबीन तेज की.
संदेह के घेरे में आए यश कुमार सोनकर को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने पूरे षड्यंत्र की बात कबूल कर ली.
यश की निशानदेही पर पुलिस ने मुख्य हमलावर करण को कोंडागांव से घेराबंदी कर धर दबोचा. पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त एसिड और उनके कपड़े भी बरामद कर लिए हैं तथा दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.