आत्मानंद स्कूल भर्ती: CBT परीक्षा की उत्तर कुंजी और रिस्पॉन्स शीट पोर्टल पर लाइव, 8 नवंबर तक चुनौती देने की सुविधा
छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद स्कूलों की भर्ती परीक्षा की रिस्पॉन्स शीट पोर्टल पर 5 नवंबर दोपहर 12 बजे से उपलब्ध होगी, अभ्यर्थी 8 नवंबर तक ₹100 प्रति प्रश्न शुल्क के साथ अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 26 विभिन्न विषयों के 1812 संविदा पदों को भरने के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) संपन्न हो चुकी है. लोक शिक्षण संचालनालय के उप संचालक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस संविदा भर्ती परीक्षा का आयोजन 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक विभिन्न पालियों में किया गया था.
कुल 34,604 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 28,535 अभ्यर्थी इस परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिससे कुल उपस्थिति 82.46 प्रतिशत रही. अंतिम दिन 4 नवंबर को दोपहर 2.30 बजे परीक्षा समाप्त होने के उपरांत सभी विषयों की उत्तर पुस्तिका (रिस्पॉन्स शीट) 5 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट http://eduportal.cg.nic.in पर उपलब्ध करा दी जाएगी.
मूल्यांकन प्रक्रिया के तहत परीक्षार्थियों को प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर दर्ज करने पर 0.25 अंक काटे जाएंगे और अनुत्तरित प्रश्नों के लिए शून्य अंक निर्धारित है.
अभ्यर्थी पोर्टल पर अपने लॉग इन आईडी के जरिए रिस्पॉन्स शीट और उत्तर कुंजी का मिलान कर अपने उत्तरों की जांच कर सकेंगे. विभाग द्वारा परीक्षार्थियों को ई-मेल और एसएमएस के माध्यम से भी उत्तर पुस्तिका देखने तथा आपत्ति दर्ज कराने के विकल्प की सूचना भेजी जाएगी.
यदि कोई परीक्षार्थी पोर्टल में दर्शाए गए सही उत्तर से असहमति व्यक्त करता है, तो वह 5 नवंबर दोपहर 12 बजे से 8 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक http://eduportal.cg.nic.in पर ऑनलाइन दावा-आपत्ति पंजीकृत करा सकता है.
आपत्ति दर्ज कराने हेतु प्रति प्रश्न 100 रुपये का शुल्क तय किया गया है; दावा सही पाए जाने पर यह शुल्क वापस कर दिया जाएगा, अन्यथा जमा राशि जब्त रहेगी. आपत्तियों का निराकरण करने के बाद परीक्षार्थियों के प्राप्तांकों में आवश्यक सुधार किया जाएगा. निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के पश्चात किसी भी माध्यम से भेजी गई दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा.