अमित शाह ने साल्टलेक, ममता बनर्जी ने कालीघाट में संभाला 'वार रूम'
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान गुरुवार को राज्य का सियासी पारा अपने चरम पर रहा. एक तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता के उपनगर साल्ट लेक स्थित भाजपा के चुनाव कार्यालय से मोर्चा संभाला, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कालीघाट स्थित अपने आवास से पार्टी की गतिविधियों की निगरानी की.
दोनों ही दिग्गजों ने 'वॉर रूम' के जरिए मतदान के रुझानों, बूथ-स्तरीय फीडबैक और रियल-टाइम टर्नआउट पर पैनी नजर बनाए रखी. दोपहर 3 बजे तक बंगाल में 78.77 प्रतिशत का भारी मतदान दर्ज किया गया.
ममता बनर्जी के साथ उनके भतीजे और टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी मौजूद रहे, जो लगातार संवेदनशील इलाकों के जिला नेताओं को सतर्क रहने के निर्देश दे रहे थे.
टीएमसी का पूरा जोर अपने जमीनी नेटवर्क को सक्रिय रखने और ईवीएम संबंधी किसी भी गड़बड़ी पर नजर रखने पर था.
वहीं, भाजपा के वॉर रूम में अमित शाह के साथ केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. शाह ने विशेष रूप से उत्तर बंगाल की सीटों पर ध्यान केंद्रित किया और डेटा-संचालित रणनीति के जरिए मतदान केंद्रों से आने वाली हर सूचना की समीक्षा की.
मतदान के दौरान कुछ क्षेत्रों से छिटपुट हिंसा और भाजपा उम्मीदवारों पर हमले की खबरें भी सामने आईं, जिसने चुनावी मुकाबले की संवेदनशीलता को और बढ़ा दिया.