माओवादियों को बरसात में भी सोने नहीं देंगे- अमित शाह
2026 तक नक्सलवाद-मुक्त भारत- अमित शाह
रायपुर । संवाददाता: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नक्सलवाद पर दो अहम सुरक्षा बैठकों की अध्यक्षता की. इन बैठकों में छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड और ओडिशा के डीजीपी/एडीजीपी तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया. बैठक का मुख्य उद्देश्य अंतरराज्यीय सुरक्षा समन्वय और छत्तीसगढ़ में वामपंथी उग्रवाद की स्थिति की समीक्षा करना था.
अमित शाह ने नक्सलियों से आत्मसमर्पण करने की अपील करते हुये कहा कि सरकार की समर्पण नीति का लाभ उठाकर वे शांतिपूर्ण जीवन अपना सकते हैं. उन्होंने कहा, "हिंसा छोड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल होने का यह सही समय है. सरकार सरेंडर करने वाले नक्सलियों को पुनर्वास के लिये पूरा सहयोग देगी."
गृह मंत्री ने दृढ़ता से कहा कि, "31 मार्च 2026 तक देश को पूरी तरह नक्सलवाद-मुक्त करने का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा." उन्होंने सुरक्षा बलों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस बार बारिश के मौसम में भी नक्सलियों को चैन से सोने नहीं दिया जायेगा, क्योंकि ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा.
गृहमंत्री शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में नक्सल विरोधी अभियानों की तारीफ की. उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में राज्य सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियानों को नई गति दी है.
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृह सचिव, आईबी निदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.