शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर: NH-43 पर खड़े ट्रैक्टर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत

C

CG Khabar

07 अक्टू. 2026, 03:10 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

अंबिकापुर । संवाददाता: अंबिकापुर-पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर चिरंगा मोड़ के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल है. तीनों युवक सिलसिला स्थित कुदरगढ़ी एलुमिना फैक्ट्री में सेकेंड शिफ्ट की ड्यूटी खत्म कर रात में एक ही बाइक से बतौली की ओर लौट रहे थे. 


इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे ब्रेकडाउन हालत में खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर काफी दूर जा गिरे.

विज्ञापन


धमाके की आवाज सुनकर पास ही रहने वाले राजेश कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और तुरंत डायल-112 व बतौली पुलिस को हादसे की सूचना दी. 


पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. 


हालांकि, इलाज के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने के कारण भटको निवासी अजय प्रधान (22) और बतौली क्षेत्र निवासी मुन्ना राम (22) ने दम तोड़ दिया. दोनों मृतक पिछले दो वर्षों से फैक्ट्री में साथ कार्यरत थे. मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद उनके शवों को परिजनों को सौंप दिया गया.


हादसे में घायल तीसरे युवक, बासेन निवासी राजमोहन पैंकरा (27) की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है. 


गौरतलब है कि जिस स्थान पर यह घटना घटी, वह पूर्व से ही दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित है. इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिरंगा मोड़ जैसे कई अन्य खतरनाक स्थान हैं, जहां अक्सर इस तरह के हादसे होते रहते हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP