अंबिकापुर: प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग, पटाखों के धमाकों से मचा हड़कंप
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में गुरूवार दोपहर के वक्त एक प्लास्टिक होलसेल दुकान में लगी भीषण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इस दो मंजिला बिल्डिंग में भारी मात्रा में प्लास्टिक उत्पादों के साथ पटाखों का अवैध भंडारण किया गया था. आग लगते ही पटाखों में धमाके शुरू हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
धुएं का काला गुबार इतना विशाल था कि इसे करीब 10 किलोमीटर दूर से ही देखा जा सकता था.
आग की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 8 घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है.
नगर निगम की 4 फायर ब्रिगेड और करीब 100 पानी के टैंकरों के अलावा स्थिति को संभालने के लिए दरिमा एयरपोर्ट और स्थानीय कोयला खदानों से भी विशेष दमकल टीमों को बुलाया गया है. प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए पास के घरों को खाली करा लिया है.
इस हादसे ने रिहायशी इलाकों में ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
घटना स्थल पर पहुंचे कलेक्टर अजीत वसंत ने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है.
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद और स्थानीय व्यापारियों ने सवाल उठाया है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में पटाखों और प्लास्टिक के गोदाम को अनुमति कैसे मिली.
वहीं, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने गलियों के संकरा होने के कारण दमकल वाहनों को पहुंचने में हो रही दिक्कतों का जिक्र करते हुए शहर के सड़क चौड़ीकरण में जनसहयोग की अपील की है.