शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर: बस की टक्कर से हेड कॉन्स्टेबल की मौत

C

CG Khabar

08 जुल. 2026, 02:05 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पुलिस विभाग के एक हेड कॉन्स्टेबल की जान चली गई. अंबिकापुर पुलिस लाइन में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल श्रीराम लकड़ा सोमवार सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे. रात करीब 8 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर लुचकी घाट के पास एक तेज रफ्तार राजधानी यात्री बस ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. 


टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई और वे काफी दूर तक सड़क पर घिसटते चले गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

विज्ञापन


मूल रूप से बतौली क्षेत्र के रायगढ़ मार्ग के रहने वाले श्रीराम लकड़ा गांधीनगर थाना परिसर के पीछे बने पुलिस क्वार्टर में अपने परिवार के साथ रहते थे. सोमवार देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे और मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो सका, तो परिजनों को लगा कि वे किसी सरकारी काम में व्यस्त होंगे. 


मंगलवार सुबह पड़ोस में रहने वाले एक आरक्षक के जरिए परिवार को इस दुर्घटना की खबर मिली, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे. हादसे के वक्त हेड कॉन्स्टेबल बतौली की तरफ जा रहे थे या वहां से वापस आ रहे थे, यह अभी साफ नहीं हो पाया है.


घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया. 


हादसे के बाद बस चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है. इस दुर्घटना में बस में सवार कुछ यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं. पुलिस के मुताबिक, अब तक इस हादसे का कोई चश्मदीद सामने नहीं आया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP