शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

शराबी पति ने गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या

C

CG Khabar

17 मई 2026, 04:54 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

हत्या
हत्या

अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा में एक शराबी पति ने अपनी तीन महीने की गर्भवती पत्नी की लाठी और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी पत्नी के शव को मोटरसाइकिल से बांधकर सरगुजा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा और वहां शव छोड़कर मौके से फरार हो गया.


मृतिका के परिजनों ने बताया कि उन्हें रात करीब 11 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने महिला की मौत की सूचना दी. जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो मृतिका की आठ साल की मासूम बेटी ने पूरी घटना की जानकारी दी. 

विज्ञापन


बच्ची के अनुसार, उसका पिता शराब के नशे में धुत होकर घर आया था. उस समय उसकी मां जंगल से लकड़ी इकट्ठा करके लौटने के बाद खाना खा रही थी. आरोपी ने अचानक उन पर हमला कर दिया और बेरहमी से उनका सिर लकड़ी के पलंग पर कई बार पटका. 


परिजनों के मुताबिक, मृतिका ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के बाद से ही वह लगातार घरेलू हिंसा का सामना कर रही थी. मृतिका अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई है.


फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के ऑटोप्सी सर्जन डॉ. संतु बाघ ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की शुरुआती जानकारियों में बताया कि महिला के शरीर पर 18 से अधिक गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. 


मृतिका तीन महीने की गर्भवती थी और उसके निचले हिस्से पर लोहे की रॉड से वार किए जाने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जो उसकी मौत की मुख्य वजह बना. 


डॉक्टर के अनुसार, सभी आवश्यक फॉरेंसिक साक्ष्य सुरक्षित रख लिए गए हैं और विस्तृत रिपोर्ट पुलिस को सौंपी जा रही है.


वारदात के बाद आरोपी पति परिजनों से यह कहकर फरार हो गया कि वह किसी काम से रायपुर जा रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान तेज कर दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP