रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

शराब की लत ने उजाड़ा परिवार, पिता ने दो मासूम बेटों संग दी जान

C

CG Khabar

18 जून 2026, 01:26 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

जहर
जहर

जांजगीर । संवाददाता: नैला चौकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बिरकोनी में एक ही घर के भीतर पिता और उसके दो बेहद छोटे बच्चों की लाशें मिलने से सनसनी फैल गई है. आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक विवाद से उपजे भारी तनाव के चलते शख्स ने पहले अपने दो मासूम बेटों को जहर दिया और फिर खुद भी मौत के आगोश में सो गया. 


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं. घटना स्थल से कीटनाशक के नमूने बरामद किए गए हैं और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रवाना कर दिया गया है.

विज्ञापन


पुलिस के आला अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस दिल दहला देने वाले कदम के पीछे की मुख्य वजह पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद है. मृतक रमेश कुमार पटेल अत्यधिक शराब पीने का आदी था, जिसे लेकर घर में आए दिन कलह होती थी. 


इसी विवाद के चलते बीती 13 जून को रमेश की पत्नी अपनी बेटी को साथ लेकर अपने मायके चली गई थी, जबकि उसके दोनों छोटे बेटे आदर्श (3 वर्ष) और अभिनव (2 वर्ष) पिता के पास ही रह गए थे. बताया जा रहा है कि 16 जून को रमेश अपनी पत्नी को मनाने ससुराल भी गया था, लेकिन पत्नी ने उसके साथ वापस लौटने से साफ मना कर दिया.


ससुराल से खाली हाथ लौटने के बाद रमेश गहरे अवसाद में था. बुधवार की सुबह जब रमेश के पिता परदेशी पटेल धान कुटाने के लिए पास के गांव कटनाई गए हुए थे, इसी बीच घर में यह खौफनाक खेल खेला गया. 


सुबह करीब आठ बजे जब ग्रामीणों को घर के भीतर अनहोनी की आशंका हुई, तो उन्होंने पास जाकर देखा. रमेश और उसके दोनों मासूम बच्चे बिस्तर पर मृत पड़े थे. 


एडिशनल एसपी उमेश कश्यप ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में मामला कीटनाशक सेवन का लग रहा है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले के हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP