दिल्ली के बाद अब मुंबई एयरपोर्ट पर भी हवाई सेवा बाधित
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाद अब मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी उड़ान सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई है. एयरपोर्ट के सूत्रों के मुताबिक, एक बड़ी तकनीकी समस्या के कारण विमानों के उड़ान भरने और उतरने में देरी हो रही है.
एयरपोर्ट प्राधिकरणों का कहना है कि यह व्यवधान मुख्य रूप से दिल्ली एयरपोर्ट के 'ऑटोमेटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम' में आई तकनीकी खराबी के कारण हुआ है. 'ऑटोमेटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम' सीधे तौर पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था से जुड़ा हुआ है. इस महत्वपूर्ण सिस्टम में त्रुटि आने से पूरे नेटवर्क की उड़ान सेवाओं पर असर पड़ा है.
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने जानकारी दी है कि तकनीकी समस्या के चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारी फिलहाल मैनुअल तरीके से काम कर रहे हैं. इस समस्या से सिर्फ दिल्ली और मुंबई ही नहीं, बल्कि बेंगलुरु और हैदराबाद में भी उड़ान सेवाओं में बाधा आई है.
इस तकनीकी खराबी के कारण ज्यादातर विमान देरी से चल रहे हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
दिल्ली एयरपोर्ट में शुक्रवार सुबह से ही सेवाएं बाधित हैं, जहाँ लगभग 300 विमान देर से उड़ान भर पाए या उतरे.
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए बयान जारी कर दुःख व्यक्त किया है और उन्हें सलाह दी है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति पर लगातार नज़र रखें और किसी भी बदलाव के लिए अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें.
अधिकारियों ने यह भी कहा है कि स्वचालित व्यवस्था को तेज़ी से ठीक करने और सेवाओं को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं.