छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक- राज्य सरकार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने प्रदेश में ईंधन की कमी को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है. शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में विभाग ने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का स्टॉक पूरी तरह पर्याप्त है और सभी 2,516 पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति सामान्य रूप से संचालित हो रही है.
पश्चिम एशिया के बदलते वैश्विक हालातों के मद्देनजर, राज्य सरकार लगातार केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के संपर्क में है ताकि भविष्य में भी ईंधन की उपलब्धता निर्बाध बनी रहे.
आंकड़ों की बात करें तो मार्च 2026 में राज्य की 1.01 लाख किलोलीटर पेट्रोल की जरूरत के मुकाबले 1.27 लाख किलोलीटर (126 प्रतिशत) आपूर्ति सुनिश्चित की गई थी.
इसी तरह, अप्रैल महीने में भी 23 तारीख तक 1.60 लाख किलोलीटर पेट्रोल प्राप्त हो चुका है. डीजल के मामले में भी स्थिति काफी मजबूत है. मार्च में मांग से लगभग 183 प्रतिशत अधिक आपूर्ति मिली थी. वर्तमान में राज्य के पास लगभग 22 दिनों का पेट्रोल और 15 दिनों का डीजल रिजर्व स्टॉक में है.
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कुछ औद्योगिक उपभोक्ताओं द्वारा रिटेल आउटलेट्स से सीधे डीजल खरीदने के कारण कुछ क्षेत्रों में अस्थायी दबाव देखा गया था, जिसे तेल कंपनियों के साथ बैठक कर सुलझा लिया गया है.
प्रशासन अब जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए प्रदेशभर में औचक निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चला रहा है. इसके लिए राज्य से लेकर जिला स्तर तक कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं.
सरकार ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से बचें और किसी भी समस्या या शिकायत के लिए विभागीय हेल्पलाइन नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क करें.