शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग-रायपुर NH पर एक्सीडेंट, 2 मासूमों समेत 4 की मौत

C

CG Khabar

16 जुल. 2026, 01:36 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

स्कूटी
स्कूटी

रायपुर । संवाददाता: दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह कुम्हारी के पास एक तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलिंडरों से लदे ट्रैक्टर से पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पर सवार 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है. 


सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया. गंभीर रूप से घायल 8 वर्षीय बच्चे भावेश निर्मलकर को तत्काल रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे का मुख्य कारण स्कूटी की तेज रफ्तार थी. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और उसके चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. 


पुलिस इस बिंदु पर भी तफ्तीश कर रही है कि ट्रैक्टर को नेशनल हाईवे के किनारे क्यों खड़ा किया गया था. इस मामले में मर्ग कायम कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है.


पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग रायपुर के बसंत विहार में रहने वाले अपने मामा के घर एक पूजा समारोह में शामिल होने जा रहे थे. 


मृतकों की पहचान स्कूटी चालक अमृत निर्मलकर (28 वर्ष) और लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष) के रूप में हुई है. इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों ने भी अपनी जान गंवा दी, जिनमें यासना निर्मलकर (7 वर्ष) और डॉली निर्मलकर (4 वर्ष) शामिल हैं. 


पुलिस ने चारों शवों को मर्चुरी (सुपेला) में पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है और मृतकों के परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी दे दी गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP