ट्रेलर से टकराकर युवक की मौत, शव रख कर चक्काजाम
युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रख किया चक्काजाम
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराकर मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया.
पुलिस मौके पर पहुंची और मुआवजे की घोषणा कर चक्काजाम खत्म कराया.
पुलिस के मुताबिक घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सामारूमा की है.
बताया गया कि बीती रात को राकेश यादव अपनी बाइक से घरघोड़ा से सामारूमा जा रहा था. तभी सामारूमा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही युवक की मौत हो गई. हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन को लेकर फरार हो गया.
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर रोज भारी वाहनों को अव्यवस्थित ढंग से सड़क किनारे खड़ा कर दिया जाता है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं.
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार सुबह मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया.
इस दौरान रास्ते से गुजरने वाले भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई. मार्ग पर काफी दूर तक लंबा जाम लग गया.
इसकी सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना प्रभारी राकेश मिश्रा पुलिस बल और प्रशासन की टीम के साथ मौके पर पहुंचे.
शासन की ओर से मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की गई, जिसके बाद ग्रामीण चक्काजाम समाप्त करने राजी हुए.
इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया. वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है.