शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

हुड़दंग रोकने पर हरियाणा में सब-इंस्पेक्टर की पीट-पीटकर हत्या

C

CG Khabar

07 नव. 2025, 05:47 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

पीटकर हत्या
पीटकर हत्या

हिसार । डेस्क: हरियाणा के ढाणी श्यामलाल इलाके में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां घर के बाहर शोरगुल और हुड़दंग मचा रहे युवकों को शांत कराने गए एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर रमेश कुमार (57) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि उपद्रवी युवकों ने उन्हें लाठियों से पीटा और उनके सिर पर ईंट से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.


पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावान ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे सब-इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने अपने घर के सामने शोर मचा रहे कुछ युवकों को शांत कराने की कोशिश की. इस पर युवक उनसे उलझ गए और बात इतनी बढ़ गई कि उन्होंने रमेश कुमार पर हमला कर दिया. उन्हें बुरी तरह लाठियों से पीटा गया और सिर पर ईंटें मारी गईं. लहूलुहान हालत में उन्हें छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए.


स्थानीय लोगों और परिवार की मदद से गंभीर रूप से घायल रमेश कुमार को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. 


एसपी शशांक कुमार सावान ने बताया कि इस घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो उसी मोहल्ले के रहने वाले हैं. बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं. पुलिस ने आरोपियों की एक कार और एक स्कूटर भी जब्त किया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP