मतपेटी टूटने का आरोप, आधी रात धरने पर बैठे ग्रामीण
छत्तीसगढ़ में मतपेटी टूटने का आरोप, आधी रात धरने पर बैठे ग्रामीण
बालोद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम चौरेल में पंचायत चुनाव की मतगणना के दौरान एक बूथ की मतपेटी टूटने से बवाल हो गया.
आक्रोशित ग्रामीण आधी रात को ही धरने पर बैठ गए.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मतदान कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से यह स्थिति निर्मित हुई है.
इतना ही नहीं घटना के बाद मतदान कर्मचारी फरार हो गए. जिसके चलते यहां का परिणाम नहीं आया है.
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में बालोद के चौरेल में मतदान के बाद मतों की गणना की जा रही थी.
मतगणना का दौर रात तक चलता रहा. इस बीच ग्रामीणों को सूचना मिली की यहां के एक बूथ की मतपेटी टूटी हुई है.
आक्रोशित ग्रामीणों ने बूथ पर धावा बोल दिया. रात दो बजे ग्रामीण बूथ के सामने धरने पर बैठ गए.
ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों के साथ महिलाओं पर भी लाठीचार्ज किया.
गुंडरदेही जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 24 से प्रत्याशी टेमन लाल देशमुख ने बताया कि जनपद में 4 ग्राम पंचायत आते हैं.
तीन पंचायत में उनको जीत मिली. लेकिन चौरेल में उनके साथ धांधली की गई. यहां के एक बूथ की मतगणना रिपोर्ट नहीं दी गई है.
उन्होंने सभी मतदान कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए दोबारा चुनाव कराने की मांग की है.
वहीं दूसरे प्रत्याशी नीतीश यादव ने इस पूरी घटना को ग्रामीणों की गुंडागर्दी बताया है.