ट्रंप फिर भड़के-पुतिन आग से खेल रहे हैं
नई दिल्ली | डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से नाराज़गी ज़ाहिर की है और कहा है कि वो आग से खेल रहे हैं.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा, "व्लादिमीर पुतिन को ये अहसास नहीं हो रहा है कि अगर मैं न होता तो रूस के साथ बहुत सी बुरी चीज़ें हो जातीं और मेरा मतलब है वाकई बहुत बुरा. वो आग से खेल रहे हैं."
इससे पहले ट्रंप ने यूक्रेन पर रूस की लगातार बमबारी की वजह से पुतिन की आलोचना की थी और उन्हें 'सनकी' बता दिया था.
उन्होंने पुतिन को 'सनकी' बताते हुए लिखा, "वह बेवजह बहुत से लोगों को मार रहे हैं, और मैं सिर्फ़ सैनिकों की बात नहीं कर रहा हूं. बिना किसी कारण के यूक्रेन के शहरों में मिसाइल और ड्रोन दागे जा रहे हैं."
इससे पहले ट्रंप ने यह भी चेतावनी दी थी कि जो देश रूस से तेल खरीदेंगे, उन्हें अमेरिका के बाज़ार में आर्थिक दंड भुगतना पड़ सकता है.
उन्होंने एक पुरानी बातचीत को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पुतिन को सीधे चेतावनी दी थी: "व्लादिमीर, अगर तुम यूक्रेन पर हमला करते हो, तो मैं तुम्हें इतनी ज़ोर से मारूंगा कि तुम यकीन नहीं करोगे. मैं तुम्हें मॉस्को के बीचोंबीच मारूंगा... हम दोस्त हैं, मैं ऐसा नहीं करना चाहता, लेकिन मेरे पास कोई विकल्प नहीं होगा."
ट्रंप ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि उनकी सख्त नीतियों के कारण ही पुतिन ने उनके कार्यकाल में यूक्रेन पर हमला नहीं किया.