एक रात में सूख गया तालाब, सुरंग में समा गया पानी
बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक के बरद्वार गांव में एक अनोखी घटना सामने आई है. यहां लबालब भरे तालाब का पानी एक ही रात में सुरंग में समा गया है.
इस रहस्यमयी घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कभी ऐसी घटना नहीं देखी है.
वहीं भू-वैज्ञानिकों का कहना है कि यह सिंकहोल हो सकता है. अक्सर बारिश के दिनों में वर्षा के पानी के कारण बनता है.
बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक में पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के बाद ग्राम पंचायत बरद्वार का वर्षों पुराना तालाब लबालब भर गया था.
बुधवार को अचानक तालाब का पानी सूख गया. एक ही रात में तालाब को सूखा देखकर ग्रामीण हैरान रह गए.
इसकी जानकारी लगते ही तालाब में भीड़ लग गई. ग्रामीणों ने तालाब का निरीक्षण किया तो तालाब के एक किनारे पर बड़ा सा सुरंग बन गया था.
तालाब का बचा हुआ पानी उसी सुरंग में समा रहा था. इस घटना से ग्रामीण डर गए हैं. साथ ही इसे चमत्कार मानकर पूजा-पाठ भी कर रहे हैं.
गांव के बुजुर्ग ग्रामीणों का कहना है कि जीवन में ऐसी घटना पहली बार देखी है. कल तक तालाब पूरी तरह से भरा हुआ था. अचानक एक ही रात में तालाब सूख गया.
इस घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन सहित उच्चाधिकारियों को दी है. सरपंच ने तत्काल भू-वैज्ञानिकों की टीम भेजने की मांग की है.
लेकिन अभी तक प्रशासन का अमला गांव नहीं पहुंचा है. इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत है. ग्रामीणों में डर है कि कहीं उनका घर और जमीन न घंस जाए.
भू-वैज्ञानिक इसे सामान्य घटना मान रहे हैं. उनका कहना है कि बारिश के दिनों में कई बार ऐसी घटना होती है, इसे सिंकहोल कहा जाता है. जमीन में अचानक सुरंग की तरह एक गड्ढा बन जाता है. जिसकी बाहरी सतह से कोई प्राकृतिक जल निकासी नहीं होती. बारिश का पानी उसी सिंकहोल में चला जाता है.