18 लाख गबन के आरोप में सरपंच-सचिव गिरफ्तार
दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले के ग्राम पंचायत नीलावाया के तत्कालीन सरपंच और सचिव को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. दोनों पर डीएमएफ की 18.42 लाख रुपए की राशि गबन करने का आरोप है.
ग्राम पंचायत नीलावाया के सरपंच रमेश कोर्राम और सचिव अनोज कुमार मंडावी पर आरोप है कि दोनों ने मिलकर बिल-वाउचर और निर्माण कार्यों व मूलभूत की राशि में हेराफेरी कर डीएमएफ खाते से करीब 18,42,689.00 रुपये का गबन किया था.
यह गबन साल 2022-2023, 2023-2024, 2024-2025 के बीच किया गया.
इसकी शिकायत मिलने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दन्तेवाड़ा द्वारा तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया था.
जांच में यह पाया गया कि निर्माण कार्य नियमानुसार नहीं किया गया है. साथ ही भुगतान भी ऐसे कामों के लिए किया गया जो जमीनी स्तर पर अस्तित्व में ही नहीं थे.
राशि डीएमएफ खाते से निकाली गई लेकिन उपयोग का कोई साक्ष्य नहीं मिला. इसके बाद समिति की रिपोर्ट पर अरनपुर थाने में मामला दर्ज किया गया.
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस द्वारा सरपंच और सचिव को गिरफ्तार कर लिया गया है.