रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बलरामपुर में रेत माफिया ने पुलिस पर चढ़ाया ट्रैक्टर, मौत

H

Hupendra Sharma

12 मई 2025, 08:15 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

 रेत माफिया
रेत माफिया

बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन रोकने पहुंचे आरक्षक पर रेत माफियाओं ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.


घटना रविवार रात की है. आरक्षक शिवबचन सिंह ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय तेजी से ट्रैक्टर बढ़ाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया.

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम लिबर स्थित कनहर नदी में अवैध रेत खनन किया जा रहा था. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी.


रविवार देर रात को पुलिस की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी. पुलिस को देखकर रेत माफिया भागने लगे.


इस दौरान एक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा. जिसे सनावल थाने में पदस्थ आरक्षक शिव बचन सिंह ने रोकने की कोशिश की, लेकिन ट्रैक्टर चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेजी से आरक्षक की ओर बढ़ा दिया.


ट्रैक्टर की चपेट में आने से आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया.


गंभीर रूप से घायल आरक्षक को साथी पुलिसकर्मी तत्काल अस्पताल लेकर आ रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया. 


थाना प्रभारी दिव्यकांत पांडेय ने बताया कि इस क्षेत्र में झारखंड के रेत माफिया सक्रिय हैं. उनके द्वारा रेत का अवैध खनन कराया जा रहा है. जिसका लिबर और कुसफर के ग्रामीणों ने शिकायत की थी. इसके बाद एक दिन पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया था.


उन्होंने बताया कि इसके बाद भी रेत माफिया रविवार की रात रेत खनन करने पहुंच गए थे. जिस पर कार्रवाई करने के लिए वन विभाग और पुलिस की टीम पहुंची थी.


पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP