पंचायत चुनावः दूसरे चरण की वोटिंग कल
छत्तीसगढ़ पंचायत चुनावः दूसरे चरण की वोटिंग कल
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान कल यानी 20 फरवरी गुरुवार को होगा. दूसरे चरण में प्रदेश के 43 ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों में मतदान होगा.
ग्रामीण मतदाता सरपंच, पंच, जनपद पंचायत और जिला पंचायत सदस्य चुनने के लिए वोट डालेंगे.
मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा.
मतदान का समय खत्म होने के बाद मतदान केन्द्रों में ही मतगणना होगी.
कुछ संवेदनशील इलाकों को छोड़कर बाकी में देर शाम तक नतीजे भी आ जाएंगे.
संवेदनशील इलाकों की मतगणना दूसरे दिन ब्लॉक में होगी.
दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनाव आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है.
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. प्रदेश के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
बुधवार 19 फरवरी को दोपहर से ही मतदान दलों की रवानगी शुरू हो गई.
शाम तक सभी मतदान दल निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे. मतदान दलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
फरसगांव में 158 मतदान केन्द्र
कोंडागांव जिले के जनपद पंचायत फरसगांव और माकड़ी में दूसरे चरण में चुनाव होना है.
इसके लिए फरसगांव में 158 और माकड़ी में 154 मतदान केंद्र बनाए गए हैं.
फरसगांव में 68,287 और माकड़ी में 76,160 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
दोनों जनपद पंचायतों में कुल 135 सरपंच, 787 पंच, 38 जनपद सदस्य और 4 जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव होना है.
फरसगांव में 73 सरपंच पदों में से 5 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं.
दंतेवाड़ा-अंबिकापुर में डाले जाएंगे वोट
दंतेवाड़ा के दो जनपद क्षेत्रों में दूसरे चरण का मतदान होगा.
जनपद पंचायत दंतेवाड़ा और जनपद पंचायत गीदम में जनपद पंचायत, जिला पंचायत सदस्य, सरपंच और पंच के पदों पर वोटिंग होगी.
इस तरह अंबिकापुर जिले में भी दूसरे चरण की वोटिंग होगी. यहां जनपद पंचायत सीतापुर और मैनपाट में मतदान होगा.
जनपद पंचायत मैनपाट में जिला पंचायत के दो, जनपद 17, सरपंच 44 और पंच के लिए 643 पद पर वोटिंग होना है.
इस जनपद क्षेत्र में कुल 54396 मतदाता हैं.
इसी तरह सीतापुर जनपद पंचायत में जिला पंचायत के दो, जनपद 15, सरपंच 42, पंच के 676 पदों के लिए चुनाव होगा. इस क्षेत्र में कुल 67322 मतदाता हैं.