माओवादियों ने की पूर्व विधायक के रिश्तेदार की हत्या
छत्तीसगढ़ माओवादियों ने की पूर्व विधायक के रिश्तेदार की हत्या
सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बीती रात माओवादियों ने पूर्व विधायक के रिश्तेदार की हत्या कर दी. माओवादियों ने घर में घुसकर देर रात वारदात को अंजाम दिया है.
मृत बुजुर्ग ग्रामीण कोंटा विधानसभा के पूर्व विधायक और सीपीआई नेता मनीष कुंजाम के चाचा ससुर हैं. घटना चिंतागुफा थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित इलाके पेंटापाड़ ग्राम की है.
जानकारी के मुताबिक पेंटापाड़ निवासी कलमू हिड़मा सोमवार की रात अपने घर पर आराम कर रहे थे.
उसी दौरान करीब 5 से 6 की संख्या में माओवादी इनके घर पहुंचे. माओवादियों ने दरवाजा खटखटा कर ग्रामीण को जगाया. ग्रामीण ने जैसे ही दरवाजा खोला, हथियारबंद माओवादी घर के अंदर घुस गए.
इसके बाद माओवादी ग्रामीण को घर से दूर ले गए, जहां धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी. शव को वहीं फेंककर माओवादी जंगल की ओर भाग गए.
घटना की खबर लगते ही परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मंगलवार की सुबह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर घटना की जांच में जुट गई है.
माओवादियों ने ग्रामीण की हत्या किस इरादे से की है इसकी जानकारी फिलहाल नहीं हो पाई है.
इधर इस मामले में पूर्व विधायक मनीष कुंजाम ने कहा है कि हिंसा से सिर्फ हिंसा ही बढ़ेगी. माओवादियों ने जिस ग्रामीण को मारा है, वह बहुत ही सीधे और सरल व्यक्ति थे.
माओवादियों की कोंटा एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए शव के पास एक पर्चा भी फेंका है. पर्चे में लिखा है कि हिड़मा ग्राम पटेल भी था. उसे कई बार समझाइश भी दी गई थी. नहीं माना तो मौत की सजा दी गई है. जो भी नक्सल संगठन के खिलाफ काम करेगा उसका अंजाम ठीक नहीं होगा.
मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए
इधर सुकमा जिले के गुंडराजगुडेम के जंगल में सोमवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में जवानों ने दो माओवादियों को मार गिराने का दावा किया है.
मारे गए दोनों माओवादियों में एक महिला और एक पुरुष हैं. इनकी पहचान सोड़ी लिंगे और पोड़ियाम हड़मा के रूप में हुई है. दोनों माओवादियों पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम घोषित था.
जवानों ने इनके पास से एक बीजीएल, एक 12 बोर के रायफल बरामद किए हैं. इसके अलावा भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, नक्सल साहित्य और अन्य दैनिक उपयोगी सामान जब्त किए हैं.