मध्यान्ह भोजन में मिली छिपकली, 70 बच्चों की बिगड़ी तबीयत
छत्तीसगढ़ मध्यान्ह भोजन में मिली छिपकली, 70 बच्चों की बिगड़ी तबीयत
बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मध्यान्ह भोजन में मरी हुई छिपकली मिलने का मामला सामने आया है. उसी भोजन को खाने से प्राथमिक शाला के करीब 70 बच्चे बीमार पड़ गए हैं.
अचानक बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में सभी बच्चों को अस्पताल ले जाया गया. जहां सभी बच्चों का उपचार चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार जिले के विकासखंड कुसमी के गजाधरपुर-तुरीपानी स्थित प्राथमिक शाला के बच्चे गुरुवार को मध्यान्ह भोजन करने स्कूल प्रांगण में बैठे हुए थे.
भोजन बनाने वाले रसोईए बच्चों को भोजन परोस रहे थे. उसी दौरान भोजन में भरी हुई छिपकली दिखाई दी. जब तक बहुत सारे बच्चे भोजन कर चुके थे.
खाना खाने के कुछ देर बाद एक-एक कर कई बच्चे उल्टी और पेट दर्द करने की शिकायत करने लगे.
इसकी जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को हुई वे तुरंत स्कूल पहुंच गए. परिजनों ने तत्काल बीमार बच्चों को कुसमी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया.
डॉक्टरों ने सभी बच्चों की जांच की और उपचार शुरू किया. बताया जा रहा है उपचार के बाद सभी बच्चों की स्थिति ठीक है.
घटना की सूचना मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.