शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

धमतरी में तेंदुए की मौत

H

Hupendra Sharma

13 मई 2025, 10:58 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

तेंदुए की मौत
तेंदुए की मौत

धमतरी | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक तेंदुए की मौत हो गई. वन विभाग ने तेंदुए का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया. बताया गया कि एक दिन पहले ही एक बुजुर्ग से तेंदुए का आमना-सामना हुआ था. बुजुर्ग अपनी जान बचाने के लिए तेंदुआ से भिड़ गया था.


दोनों के बीच संघर्ष हुआ था. हालांकि किसी तरह बुजुर्ग अपनी जान बचाने में सफल रहा था.


वन विभाग के मुताबिक मामला उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व परिक्षेत्र की है. सोमवार को रिसगांव रेंज के मासुलखोई गांव में रंजीत नेताम अपने खेत में रखवाली कर रहा था.


उसी समय अचानक तेंदुआ उसके सामने आ गया. अपने बचाव में ग्रामीण तेंदुए से भीड़ गया. बुजुर्ग ने अपनी जान बचाने के लिए तेंदुए पर लाठी भी चलाई थी. इस घटना में बुजुर्ग के गाल और पैर में चोट आई है. फिलहाल, उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. 


इस घटना के बाद तेंदुआ वहां से भाग गया था. कुछ दूर जाने के बाद तेंदुआ खेत में ही लेट गया था. ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी. वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर तेंदुए को पकड़ा था.


तेंदुआ काफी बीमार हालत में था. उसे उपचार के लिए ले जाया जा रहा था. उसी समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया. मृत तेंदुए के गर्दन पर लगभग 7-8 दिन पुराने चोट के निशान मिले हैं. वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि यह चोट किसी दूसरे तेंदुए से हुई लड़ाई में लगी हो सकती है.


मृत नर तेंदुए की उम्र लगभग 4 साल आंकी गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP