रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

डोंगरगढ़ में पकड़ा गया तेंदुआ

H

Hupendra Sharma

08 मई 2025, 09:08 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

तेंदुआ
तेंदुआ

राजनांदगांव | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ की सुदर्शन पहाड़ी में घूम रहे तेंदुए को बुधवार देर रात को पकड़ लिया गया.


तेंदुआ पिछले पांच दिनों से यहां मंडरा रहा था, जिससे लोगों में दहशत का माहौल था. वन विभाग ने तेंदुए को जंगल में छोड़ दिया है. डोंगरगढ़ की सुदर्शन पहाड़ी शहर से लगा हुआ है. आस-पास कई रिहायशी कॉलोनियों के साथ शासकीय कर्मचारियों के क्वार्टर भी है.

विज्ञापन


रिहायशी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना पर वन विभाग ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. शनिवार को पहाड़ी पर विशेष पिंजरा लगाकर तेंदुए की खोजबीन शुरू की, लेकिन तेंदुआ वन विभाग को छकाता रहा.


पिछले चार दिनों से वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने दिन-रात मशक्कत कर रहे थे. तेंदुए को फंसाने पिंजरे में एक जीवित मेमना को बांधा गया था. ताकि तेंदुआ उसे देखकर पिंजरे में घुस जाए.


बताया गया कि तेंदुआ चार दिनों तक पिंजरे के पास आता रहा. वह मेमने को सूंघता और आगे बढ़ जाता था. बुधवार रात करीब 11 बजे तेंदुआ पिंजरे में घुसा और फंस गया. वहां मौजूद वन विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई कर उसे काबू में ले लिया.


कुछ घंटों के बाद तेंदुए को काफी अंदर जंगल में छोड़ दिया गया. तेंदुए के पकड़े जाने की खबर लगते ही डोंगरगढ़ के लोगों ने राहत की सांस ली है.


कुएं में गिरा तेंदुआ

इधर गरियाबंद जिले के छुरा ब्लॉक में एक तेंदुआ बुधवार रात को कुएं में गिर गया. भोजन की तलाश में तेंदुआ पंडरीपानी डिही गांव तक पहुंच गया था.


तेंदुए ने गांव में पहले मुर्गियों का शिकार किया फिर अंधेरे में कुएं में गिर गया. यह घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है.


रात भर तेंदुआ कुएं की दीवार से चिपक कर बैठा रहा. गुरुवार की सुबह वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू शुरू किया.


बड़ी मशक्कत के बाद खाट और रस्सी के सहारे उसे बाहर निकाला गया. बाहर निकलते ही तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP