शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

तेज रफ्तार कार की ठोकर से पति-पत्नी सहित बच्चे की मौत

H

Hupendra Sharma

02 मई 2025, 12:16 PM 3 मिनट में पढ़ें 2

पति-पत्नी सहित बच्चे की मौत
पति-पत्नी सहित बच्चे की मौत

अंबिकापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सीतापुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी. बाइक में पति-पत्नी के साथ ही उनका 3 महीने का बच्चा भी था. हादसे में तीनों की मौत हो गई. वहीं कार सवार चार लोग घायल हो गए हैं.


पुलिस के मुताबिक घटना सीतापुर थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव की है. बताया गया कि मृतक दंपती सुनील लकड़ा और अस्मतिया का तीन माह का बच्चा बीमार था.


दोनों अपने बीमार बच्चे का उपचार कराने अंबिकापुर जा रहे थे. इस बीच सीतापुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग एनएच-43 में बिशुनपुर के पास तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी.


टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों उछलकर अलग-अलग दिशा में गिर गए. बाइक को टक्कर मारने के बाद कार सड़क किनारे बाउंड्री वॉल से जा टकराई. हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया गया कि मृत दंपत्ति के 8 साल और 6 साल के दो और बच्चे हैं.


पुलिस के मुताबिक कार चालक नशे में था. कार में चालक सहित 4 लोग सवार थे. जिसमें रजोटी निवासी अंजली तिर्की, मैनपाट की सुशीला खिंचा और भटको निवासी खूशबू पोर्ते शामिल हैं.


तीनों उद्यानिकी कॉलेज आमाटोली की छात्राएं हैं. अंजली और सुशीला अपनी सहेली खुशबू पोर्ते से मिलने उसके घर गई थी.


शुक्रवार की सुबह तीनों बतौली बस स्टैंड में बस का इंतजार करते हुए खड़ी थीं. उसी समय कार चालक संतोष पैकरा वहां पहुंचा और तीनों को कॉलेज छोड़ने की बात कहकर बैठा लिया. इनमें से एक छात्रा चालक को पहचानती थी.


पुलिस के मुताबिक कार चालक ने विपरीत दिशा से आकर बाइक को ठोकर मारी है. हादसे में कार चालक आमाटोली निवसी संतोष पैकरा को भी चोटें आई हैं.


सभी घायलों का सीएचसी सीतापुर में इलाज जारी है. पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

रायपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला की मौत

राजधानी रायपुर में एक तेज रफ्तार कार ने मॉर्निंग वॉक पर निकली 3 महिलाओं को टक्कर मार दी. इनमें एक महिला की मौत हो गई, वहीं दो घायल हो गईं.


शुक्रवार की सुबह 5 बजे तेलीबांधा थाना क्षेत्र की तीन महिलाएं प्रिया साहू, रिया बंजारे और ललिता साहू मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं.


इसी दौरान तेलीबांधा ब्रिज के पास तेज रफ्तार कार ने पीछे से तीनों को चपेट में ले लिया. 


कार की टक्कर से प्रिया साहू उछलकर दूर जा गिरीं. वह सड़क पर सिर के बल गिर गईं, जिससे उनका सिर फट गया. ज्यादा खून बहने से उनकी मौत हो गई. वहीं रिया बंजारे और ललिता साहू को भी गंभीर चोट लगी है.


पुलिस ने आरोपी कार चालक अमित सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया है. वह रायपुर का निवासी है और साजा में एक शादी कार्यक्रम से लौट रहा था.


यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP