शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रात 3 बजे काउंसलिंग के लिए बुलाया, विवाद के बाद बदला समय

पहले रात 3 बजे काउंसलिंग के लिए बुलाया, विवाद के बाद बदला समय

H

Hupendra Sharma

03 जून 2025, 09:20 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

युक्तियुक्तकरण काउंसलिंग
युक्तियुक्तकरण काउंसलिंग

बिलासपुर | संवाददाताः प्रदेश में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया शुरू होते ही विवादों में आ गई है. ताजा मामला बिलासपुर का है. बिलासपुर जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से जारी काउंसलिंग का समय देखकर शिक्षक हैरान और परेशान हो गए.


शिक्षकों को रात 3 बजे काउंसलिंग के लिए बुलाया गया. इन सब कवायदों के चलते पहले से आक्रोशित शिक्षकों का गुस्सा और बढ़ गया.


शिक्षकों की नाराजगी और खुद की किरकिरी होते देख शिक्षा विभाग को आनन-फानन में काउंसलिंग का समय बदलकर फिर से नोटिस जारी करना पड़ा.


नए आदेश में अब दोपहर 3 बजे काउंसलिंग का समय तय किया गया है. 


दूसरी ओर मंगलवार को सुबह पांच बजे अतिशेष शिक्षकों की सूची जारी की गई. उसे भी सार्वजनिक नहीं करते हुए शिक्षकों के वॉट्सएप ग्रुप में डाला गया है.


जबकि विभाग ने अभी तक रिक्त पदों को सार्वजनिक भी नहीं किया है. 


शिक्षा विभाग के इस फरमान को लेकर शिक्षक संघों का कहना है कि इतनी सुबह कौन काउंसलिंग में पहुंच सकता है. कई शिक्षक काफी दूर से आते हैं, ऐसे में सुबह 3 बजे पहुंचना लगभग असंभव है.


कुछ शिक्षकों का कहना है कि यह विभाग की अव्यवस्था व अव्यवहारिकता का उदाहरण है.


इसी तरह जांजगीर में रात दो बजे युक्तियुक्तकरण का आदेश जारी किया गया है.


तीन चरणों में होगी काउंसलिंग

जिला शिक्षा विभाग ने 4 जून को तीन चरणों में काउंसलिंग आयोजित करने का निर्णय लिया है.


पहले चरम में सुबह 10 बजे प्राइमरी स्कूल के प्रधान पाठक और सहायक शिक्षकों की काउंसलिंग होगी. यह काउंसलिंग लालबहादुर शास्त्री स्कूल परिसर स्थित पं. देवकीनंदन दीक्षित सभा भवन में होगी.


इसके बाद दूसरे चरण में उसी दिन सुबह 10 बजे मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक और शिक्षकों की काउंसलिंग स्व. लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में होगी.


तीसरे चरण में होने वाली काउंसलिंग का समय हैरान करने वाला है. जारी आदेश के अनुसार 4 जून की सुबह 3 बजे हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य, व्याख्याता, विज्ञान सहायक शिक्षक, लिपिक और भृत्य की काउंसलिंग आहूत की गई है.


यह कार्यक्रम लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में होना है. ऐसे में शिक्षकों का कहना है कि सुबह 3 बजे काउंसलिंग में कैसे पहुंच सकते हैं.


अब विवाद के बाद शिक्षा विभाग द्वारा समय बदलकर रात 3 बजे की जगह दोपहर 3 बजे तय कर दिया गया है.


800 शिक्षक अतिशेष

शिक्षा विभाग द्वारा सोमवार तक जिले के अतिशेष शिक्षकों की सूची भी जारी नहीं की गई. गोपनीय तरीके से मंगलवार की सुबह 5 बजे अतिशेष शिक्षकों की सूची जारी की गई.


जारी इस सूची में जिले के करीब 800 शिक्षकों के नाम अतिशेष की सूची में शामिल किया गया है.


इन्हीं शिक्षकों की कल काउंसलिंग की जाएगी. जबकि शिक्षक सूची का कब से इंतजार कर रहे थे. 


दरअसल, लोक शिक्षण संचालनालय से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर 28 मई तक अतिशेष शिक्षकों की जानकारी एकत्र करने कहा था.


29 मई को सूची का परीक्षण जिला स्तरीय समिति से कराना था. इसके बाद 30 मई को विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को काउंसलिंग की सूचना जारी करनी थी.


फिर 2 और 3 जून को काउंसलिंग होनी थी. काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के अगले दिन यानी 4 जून तक पदस्थापना आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए थे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP