रायगढ़ में हाथी ने ली ग्रामीण की जान
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में हाथियों का उत्पात कम होने का नाम नहीं ले रहा है. महुआ का सीजन होने के कारण हाथियों का दल यहां से वहां भटक रहा है.
इनमें से दो दंतैल हाथी तो दल से बिछड़ कर अलग-अलग घूम रहे हैं. ये हाथी पिछले 18 दिनों में 8 लोगों की जान भी ले चुके हैं.
गुरुवार को रायगढ़ जिले में हाथी ने एक ग्रामीण को पटक-पटक कर मार डाला. पुलिस के मुताबिक घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है.
बताया गया कि धर्मजयगढ़ वन मंडल के अंतर्गत आने वाले आमगांव के जंगल में इन दिनों हाथियों का दल विचरण कर रहा है.
इसी दल के हाथी ने बायसी निवासी भगत राम राठिया को मार डाला.
जानकारी के मुताबिक भगत राम गुरुवार सुबह घर से निकल कर आमगांव बीट के 372 आरएफ की ओर जा रहा था.
उसी दौरान हाथी से उसका सामना हो गया. हाथी ने ग्रामीण को कुचल दिया.
हाथी ने युवक को पटक-पटक कर मारा है, जिसके चलते उसके कपड़े पूरी तरह से फट गए थे. साथ ही लहूलुहान भी हो गया था.
सुबह हाथी ट्रेकरों ने उसकी लाश देखी और मामले की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. मृतक की शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई. फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है.