तालाब में डूबने से हाथी शावक की मौत
छत्तीसगढ़ तालाब में डूबने से हाथी शावक की मौत
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में मंगलवार को फिर एक हाथी शावक की मौत हो गई. बताया गया कि हाथी शावक की मौत तालाब में डूबने से हुई है. शावक की उम्र करीब 8 माह बताई जा रही है. ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर शव को तालाब से बाहर निकाल मामले की जांच में जुट गई है.
घटना धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल वन परिक्षेत्र के ग्राम जामपाली की है. वन विभाग को आशंका है कि बीती रात को हाथियों का झुंड तालाब में उतरा होगा.
उसी दौरान शावक दब गया होगा और बाहर निकल नहीं सका, जिससे उसकी मौत हो गई होगी.
31 हाथियों का झुंड कर रहा विचरण
वन विभाग के मुताबिक इन दिनों इस क्षेत्र में 31 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है. इस दल में कई शावक भी शामिल हैं.
हाथियों की झुंड को सोमवार की शाम ग्रामीणों ने तालाब के आस पास देखा भी था.
आज सुबह कुछ ग्रामीणों ने शावक के शव को तालाब में डूबे हुए देखा. तब मामले की जानकारी हुई.
तालाब करीब 15-20 फीट गहरा है. इस घटना के बाद वन विभाग हाथियों पर नजर बनाए हुए है.
हाथी ने छात्रावास की दीवार तोड़ी
इधर गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के मरवाही वन क्षेत्र में एक हाथी ने सोमवार की रात को कमला नेहरू कन्या छात्रावास की बाउंड्री को तोड़कर अंदर घुस गया.
इस दौरान छात्रावास में काफी संख्या में छात्राएं मौजूद थी. हाथी की आमद से छात्राएं दहशत में आ गई और छात्रावास के अंदर ही दुबकी रहीं.
हालांकि काफी देर उत्पात मचाने के बाद हाथी चला गया. यहां से निकलने के बाद हाथी ने पांच किसानों की फसलों को भी रौंद दिया. साथ ही एक ग्रामीण के घर को भी नुकसान पहुंचाया है.
बताया गया कि हाथी कोरबा जिले के पासान परिक्षेत्र से भटक कर मरवाही वन मंडल क्षेत्र में पहुंचा है. भोजन की तलाश में अब हाथी रिहायशी इलाकों में पहुंच कर उत्पात मचा रहा है.
मरवाही में उत्पात मचाने के बाद हाथी चिचगोहना की ओर निकल गया है. लेकिन ग्रामीण अभी भी हाथी की वापसी को लेकर काफी डरे हुए हैं.
ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है. हाथी के उत्पात को देखते हुए वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है.
गांवों में मुनादी कर लोगों को हाथी के पास न जाने की चेतावनी दे रहे हैं.