रावघाट रेल लाइन से पहले यात्री ट्रेन को दोबारा शुरू करने की मांग
जगदलपुर| संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जगदलपुर को राजधानी रायपुर से रेल मार्ग से जोड़ने आखिरकार रेल मंत्रालय ने स्वीकृति प्रदान कर दी है. सरकार ने रावघाट रेल लाइन के लिए 3500 करोड़ रुपये की बजट जरूर दे दिया है, लेकिन इस रेल लाइन के काम की शुरुआत होने में काफी समय लग सकता है.
वर्तमान में जगदलपुर से रायपुर तक 300 किलोमीटर का सफर यात्री बस में ही करना पड़ता है. जिसका किराया आम आदमी के बजट से काफी ज्यादा है.
ऐसे में जब तक रावघाट रेल लाइन परियोजना का काम पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक बस्तरवासी जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को दोबारा शुरू करने की मांग कर रहे हैं.
दरअसल, बीते 5 साल से इस ट्रेन के परिचालन को बंद कर दिया गया है. जिसके चलते जगदलपुर से दुर्ग और राजधानी रायपुर जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
लंबे समय से कर रहे मांग
बस्तर में यात्री ट्रेनों को लेकर बस्तरवासियों को लंबे समय से जूझना पड़ रहा है. देश के कई हिस्सों में नई रेल लाइन और नई ट्रेनों को शुरू किया गया है, लेकिन जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी एक्सप्रेस पिछले 5 सालों से बंद है.
इस ट्रेन का परिचालन नहीं होने से यात्री काफी परेशान हैं। उन्हें 300 किमी राजधानी रायपुर जाने के लिए भारी भरकम रकम अदा कर सफर करना पड़ता है.
यात्री बसों के किराए 800 से 1000 रुपए कर दिए गए हैं। जबकि प्राइवेट वाहनों में सफर करने पर करीब 5 से 6 हजार रुपये खर्च हो जाता है.
ऐसे में बंद पड़े इस ट्रेन को दोबारा शुरू करने की मांग बस्तरवासी कर रहे हैं, लेकिन अब तक रेलवे प्रशासन ने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है.
ट्रेन दोबारा शुरू करने बैठक
दरअसल, जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने बताया कि उन्होंने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में हुए जोनल रेलवे उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में शामिल हुए.
इस बैठक में उन्होंने बस्तर में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए कई प्रमुख मांगे रखी थीं. इसमें जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी एक्सप्रेस को दोबारा शुरू करने की भी मांग थी.
उन्होंने बताया कि शहर के तीन जगहों पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए ओवर ब्रिज बनाने के साथ ही जगदलपुर से राजधानी रायपुर तक रावघाट रेल परियोजना का काम शुरु करने की मांग उन्होंने रखी थी.
जोनल रेलवे उपभोक्ता परामर्श दात्री समिति की बैठक में उन्होंने बस्तर में रेल सुविधाओं के लिए 25 बिंदुओं में चर्चा की थी. इनमें से कुछ मांगों पर जल्द पूरा करने की सहमति भी बनी, लेकिन अब तक इस मामले में कोई फैसला नहीं लिया गया है.
उन्होंने कहा कि बुधवार को रावघाट रेल परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने 3500 करोड़ रुपये खर्च करने की मंजूरी दी है, जिससे दोबारा रावघाट रेल परियोजना का काम शुरू होने की उम्मीद जगी है. लेकिन जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी एक्सप्रेस के लिए रेल प्रशासन ने कोई फैसला नहीं लिया है.
बस्तर सांसद ने भी रखी मांग
बस्तर सांसद महेश कश्यप का कहना है कि रेल मंत्रालय से मांग के बाद रेल मंत्री ने रावघाट रेल परियोजना के लिए 3500 करोड़ खर्च करने की मंजूरी दी है. निश्चित रूप से यह बस्तरवासियों के लिए अच्छी खबर है.
उन्होंने बताया कि दुर्ग इंटरसिटी एक्सप्रेस को दोबारा शुरू करने की मांग की गई है लेकिन इस पर कोई फैसला नहीं आया है.
उन्होंने कहा कि रावघाट रेल परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद जल्द से जल्द काम शुरू किया जाएगा और कोशिश की जाएगी की बस्तरवासियों को जल्द से जल्द जगदलपुर से रायपुर तक ट्रेन सुविधा की सौगात मिल सके.