दिल्ली चुनावः एग्जिट पोल्स में बीजेपी को बढ़त
नई दिल्ली | डेस्कः दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर बुधवार को मतदान के साथ चुनाव संपन्न हो गए. यहां शाम 5 बजे तक 58 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है.
हालांकि अभी भी जिन बूथों पर मतदाता लाइन में लगे हैं, उनसे वोट डालवाए जा रहे हैं.
सबसे ज्यादा नार्थ-ईस्ट दिल्ली में 63.83 प्रतिशत और सबसे कम साउथ-ईस्ट में 53.77 फीसदी मतदान हुआ है.
यहां 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे. सरकार बनाने के लिए 36 सीटों की जरुरत है.
हालांकि पिछले तीन चुनावों के मुकाबले इस बार कम वोटिंग हुई है.
इससे पहले साल 2020 में 62.59 फीसदी मतदान हुआ था. जबकि 2015 में करीब 67.12 प्रतिशत मतदान हुआ था.
वहीं साल 2013 में 65.59 प्रतिशत वोटिंग हुई थी. इस बार 57.85 प्रतिशत वोटिंग हुई है.
हालांकि अभी फाइनल आंकड़ा आना बाकी है.
दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटें हैं. इनके लिए 699 उम्मीदवार मैदान में हैं.
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं.
एग्जिट पोल में भाजपा को बहुमत
मतदान खत्म होते ही एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू हो गए हैं. अभी तक 10 एग्जिट पोल सामने आए हैं.
इन एग्जिट पोलों के सर्वे के मुताबिक दिल्ली में भाजपा को बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है.
दो एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का अनुमान है.
मैट्रिज के एग्जिट पोल के मुताबिक आप को 32-37 सीटें मिल सकती हैं. वहीं भाजपा को 35-40 सीट मिल सकती हैं. उधर कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने की संभावना जताई गई है.
जेवीसी के एग्जिट पोल के मुताबिक आप को 22 से 31 सीटें मिलती दिखाई गई हैं. भाजपा को 39-45 सीटें और कांग्रेस को 0-2 सीटें मिल सकती हैं.
चाणक्य के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 39 से 44 सीटें मिल सकती हैं. वहीं आप को 25-28 सीटें मिलने की संभावना है. कांग्रेस को 2-3 सीटें मिलने की संभावना है.
पीपल्स पल्स के एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी महज 10 से 19 सीटों पर सिमटती दिख रही है. वहीं, भाजपा 51-60 सीटों का बंपर आंकड़ा छू सकती है. इस सर्वे में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलता दिख रहा.
पीपल्स इनसाइट के मुताबिक भाजपा को 40 से 44 सीटें मिल सकती हैं. आप को 25-29 सीटें मिलने की संभावना है. कांग्रेस को इसमें 0-1 सीट मिलने का अनुमान है.
पोल डायरी के आंकड़ों में भाजपा को 42-50 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत मिल सकता है. आप का आंकड़ा गिरकर 18-25 सीटों पर आ सकता है. कांग्रेस को यहां 0-2 सीटें मिलने की संभावना है.
पी-मार्क पोलिंग एजेंसी के आंकड़ों की मानें तो भाजपा 39-49 सीटें पा सकती हैं. दूसरी तरफ आप को 21 से 31 सीटें मिलती दिख रही हैं. कांग्रेस को इसमें 0-1 सीट मिल सकती है.
दो में आप को बढ़त
वी-प्रीसाइड पहला एग्जिट पोल है जिसमें आम आदमी पार्टी की सरकार बचती दिख रही है. वी प्रीसाइड ने आप को 46-52 सीटें दी हैं. वहीं, भाजपा को 18-23 सीट जीतते दिखाया है. इस एग्जिट पोल में भी कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने की संभावना जताई गई.
इसके अलावा माइंड ब्रिक ने आप को 44-49 सीट के अनुमान के साथ सरकार बचाते दिखाया है. भाजपा को 21-25 सीट और कांग्रेस को 0-1 सीट का अनुमान लगाया गया है.
डीवी रिसर्च ने भाजपा को 36-44 सीट जीतकर सरकार में आने की संभावना जताई है.
इस एग्जिट पोल में आप को 26-34 सीटें मिलती दिख रही हैं. वहीं कांग्रेस का खाता नहीं खुलने का अनुमान है.