शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बलरामपुर के सकेतवा बांध में पड़ीं दरारें, 25 घर कराए गए खाली

H

Hupendra Sharma

28 जुल. 2025, 08:23 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सकेतवा बांध में दरार
सकेतवा बांध में दरार

बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में स्थित सकेतवा बांध में लगातार बारिश के चलते दरारें पड़ गई हैं. कई जगहों पर मिट्टी धंसने लगी है. इससे बांध टूटने का खतरा बन गया है.


सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के करीब 25 घरों को खाली कराया गया है. देर रात से मौके पर प्रशासनिक अमला पुलिस और एसडीआरएफ की टीम के साथ मौजूद हैं.


बांध की पानी को निकालने के लिए वैकल्पिक नहर बनाने का काम अभी भी जारी है. 


दरअसल, पिछले दो दिनों से यहां मूसलाधार बारिश होने से बांध में लबालब पानी भर गया. जिससे बांध पर पानी का दबाव बढ़ गया और बांध के मुख्य हिस्से में दरारें आ गईं.


साथ ही बांध के कई हिस्सों पर मिट्टी धंसने लगी हैं. रविवार शाम को इसकी जानकारी लगते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.


ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को दी. सूचना मिलते ही एसडीएम आनंद नेताम एसडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंची.


आनन-फानन में देर रात को बुद्धडीह गांव के करीब 25 से अधिक घरों को खाली करवाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. ये गांव बांध से सबसे करीब हैं. 


गौरतलब है कि सकेतवा बांध चनान नदी के उद्गम स्थल पर स्थित है. बांध का पानी नीचे बसे ग्राम जमुआटांड, खड़ियाडामर, बुद्धडीह और डूमरखोरका को प्रभावित करता है.


बांध के टूटने पर इन चारों गांवों के करीब दो हजार से अधिक लोग प्रभावित हो सकते हैं. 


एसडीएम आनंद नेताम ने बताया कि बांध का पानी निकालने के लिए रातभर आउटलेट तैयार किया गया और कार्य अभी भी जारी है. ऐहतियातन निचले इलाकों के घरों को खाली करा लिया गया है. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है. खतरा अभी भी टला नहीं है.


जल संसाधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बांध में पानी का दबाव बढ़ने से दरारें आई हैं. यदि मूसलाधार बारिश होती है, तो बांध टूटने का खतरा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP