गाय पर हमला, बाघ की अफवाह
छत्तीसगढ़ गाय पर हमला, बाघ की अफवाह
बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बार फिर बाघ के शहर के करीब पहुंचने की चर्चा से लोग दहशत में आ गए हैं.
तखतपुर क्षेत्र के हाफा, चोरभट्ठी और लोखड़ी में बाघ देखे जाने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है.
इस बीच यह भी खबर फैलाई गई कि बाघ ने एक गाय पर हमला कर दिया है. इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम गाय को देखने ग्रामीण के घर पहुंची.
मवेशी के शरीर पर जख्म के निशान जरुर थे, लेकिन वन विभाग का अमला यह मानने से इंकार कर रहा है कि ये जख्म बाघ के हमले के हैं.
इसके बाद वन विभाग की टीम सकरी, हाफा, लोखड़ी व आसपास के इलाकों में सर्चिंग की. लेकिन टीम को कहीं भी बाघ की मौजूदगी का कोई सुराग नहीं मिला, न ही पगमार्क मिले.
इससे पहले भी बाघ द्वारा एक बैल के शिकार का दो साल पुराना मध्यप्रदेश का वीडियो बिलासपुर के तखतपुर इलाके का बता कर वायरल किया गया था.
दरअसल, तखतपुर वन परिक्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बाघ के विचरण करने की जानकारी मिल रही है.
इस बीच बाघ ने बेलपान के पास एक किसान पर हमला भी किया था. किसान सुबह-सुबह अपने खेत की सिंचाई करने जा रहा था.
उसी समय बाघ से उनका सामना हो गया था. बाघ के हमले से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया था.
उस समय वन विभाग और अचानकमार टाइगर रिजर्व की टीम को बाघ दिखाई भी दिया था. बाघ झाड़ियों के पीछे आराम कर रहा था.
दूसरे दिन वन विभाग की टीम बाघ की तलाश में सर्चिंग अभियान चलाया. लेकिन बाघ वहां नहीं था.
तब वन अफसरों ने बताया कि बाघ एटीआर की तरफ आगे बढ़ गया है. जिसके बाद से क्षेत्र में बाघ के देखे जाने की अफवाह फैलाई जा रही है.
डीएफओ सत्यदेव शर्मा ने वायरल फोटो को फर्जी बताया है. फिलहाल, वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.