सीएम साय मंत्री-विधायकों संग महाकुंभ में लगाई डुबकी, 7 कांग्रेसी विधायक भी साथ
छत्तीसगढ़ के सीएम साय मंत्री-विधायकों संग महाकुंभ में लगाई डुबकी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायकों और मंत्रियों के साथ गुरुवार को महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई.
त्रिवेणी संगम में स्नान के बाद सीएम ने गंगा आरती की.
पवित्र स्नान करने के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि महाकुंभ स्नान का आज सौभाग्य प्राप्त हुआ.
हमने छत्तीसगढ़ की खुशहाली और भलाई के लिए गंगा मैया से प्रार्थना की है.
सीएम साय ने बताया कि महाकुंभ में छत्तीसगढ़ का पंडाल लगाया गया है.
इसके लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से जमीन देने निवेदन किया था. जिसे स्वीकारते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने जमीन उपलब्ध कराई.
जिस पर पंडाल लगाया गया. पंडाल में श्रद्धालुओं के खाने-पीने और ठहरने की व्यवस्था की गई है.
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ से राज्यपाल, स्पीकर, मंत्री और विधायकों समेत कुल 166 लोगों का दल पवित्र स्नान के लिए प्रयागराज पहुंचा है.
हमने छत्तीसगढ़ के कांग्रेस के विधायकों और नेताओं को भी साथ में महाकुंभ स्नान का न्योता दिया था.
लेकिन कांग्रेस के कुछ विधायक ही हमारे साथ पहुंचे हैं.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक और उनके परिवार के साथ प्रयागराज पहुंचे हैं. साथ में राज्यपाल रमेन डेका भी हैं.
महाकुंभ पहुंचने वालों में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट के मंत्री, बीजेपी के विधायक और सांसद शामिल हैं.
इसके अलावा कांग्रेस के 7 विधायक भी सीएम के साथ महाकुंभ पहुंचे हैं.
इनमें राघवेंद्र सिंह ,बालेश्वर साहू, व्यास कश्यप, संदीप साहू, विद्यावती सिदार, इंद्र साहू और राजकुमार यादव हैं. सभी लोग प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचने के बाद बस से संगम स्थल पहुंचे.
इस दौरान रास्तेभर मंत्री, विधायक और सांसद भजन गाते रहे.