मोदी की सभा में जा रही बोलेरो पुल के नीचे गिरी, 2 की मौत
छत्तीसगढ़ मोदी की सभा में जा रही बोलेरो पुल के नीचे गिरी, 2 की मौत
पेंड्रा | संवाददाताः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बोलेरो वाहन सोन नदी के पुल से नीचे गिर गई. इससे पहले बोलेरे ने पुल पर खड़ी एक महिला को टक्कर मार दी.
इस हादसे में महिला सहित बोलेरो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है. वहीं 8 भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए हैं., जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमी चौकी क्षेत्र की है. बताया गया कि एमसीबी जिले के ताराबहरा पंचायत के भाजपा कार्यकर्ता एक बोलेरो में सवार होकर बिलासपुर आ रहे थे. उसी दौरान पेंड्रा के समीप पंडरीखार के पास सोन नदी पुल पर एक महिला फूल विसर्जन कर रही थी. बोलेरो चालक अचानक महिला को देखा और हड़बड़ा गया.
वह गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका और महिला को टक्कर मार दी. इसके बाद अनियंत्रित बोलेरो पुल से नीच गिर गई.
इस हादसे में पंड़रीखार निवासी रमिता और बोलेरे सवार बाबू राम चौधरी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. वहीं 8 भाजपा कार्यकर्ता घायल हैं. घायलों में ताराबहरा सरपंच राम प्रसाद सूर्यवंशी, पूर्व सरपंच शिव प्रसाद चेरवा, पंच धीनसाई बैरागी, पंच राम सकल आयाम, तीरथ प्रसाद, भुनेश श्रीवास्तव, सुनील साहू, राकेश यादव शामिल हैं.
घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और 112 की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजवाया. जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर भेज दिया गया है.
कलेक्टर लीना मंडावी, एसडीएम अमित बेक और एसडीओपी निकिता तिवारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना. बताया गया कि इस पुल में सुरक्षा दीवार नहीं बनी है. साथ ही मोड़ भी है. जिसके चलते इससे पहले कई घटनाएं यहां पर हो चुकी हैं.