दुर्ग में बच्ची से रेप व हत्या के बाद कांग्रेस ने किया प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ दुर्ग की घटना के बाद कांग्रेस ने किया प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग में छह साल की मासूम बच्ची से रेप और हत्या की वारदात के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को पूरे प्रदेश भर में प्रदर्शन किया. सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
राजधानी रायपुर के गांधी मैदान में कांग्रेसियों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने सरकार का पुतला दहन किया. साथ ही मौन प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई.
इसी तरह दुर्ग में भी कांग्रेसियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. वहीं अधिवक्ता संघ ने फैसला किया है कि कोई भी वकील आरोपी का केस नहीं लड़ेगा. इसके लिए जिला अधिवक्ता संघ ने बैठक भी की.
मामले की जांच के लिए कांग्रेस ने 5 सदस्यीय जांच टीम गठित की है. टीम के सदस्य पीड़ित परिजनों और स्थानीय लोगों से मिलकर रिपोर्ट तैयार करेंगे और फिर कांग्रेस कमेटी को सौंपेंगे.
इसमें बालोद विधायक संगीता सिन्हा को संयोजक बनाया गया है.
रायपुर में कांग्रेस ने प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा से इस्तीफे की मांग की.
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है.
कांग्रेसी प्रदर्शन के दौरान मुंह पर काली पट्टी बांधे हुए थे.
जगदलपुर में पुतला दहन में झूमा-झटकी
बस्तर में भी कांग्रेसी नेताओं ने प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया. पुलिस पुतला दहन रोकने के लिए पहले से ही इंतजार में थी, लेकिन कांग्रेसी राजीव भवन के अंदर से ही आग लगाते हुए पुतला बाहर लेकर आए.
इसके बाद पुलिस ने पुतले को पकड़ने की कोशिश की और आग बुझाने की कोशिश में झूमा झटकी के दौरान 5 कांग्रेसी झुलस गए और उन्हें उपचार कराने अस्पताल भी जाना पड़ा.
किसी की शर्ट में आग लग गई तो किसी के हाथ और शरीर के दूसरे अंगों पर आग का असर हुआ. गनीमत यह रही कि कोई बड़ी घटना नहीं घटी. किसी को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ.
दरअसल पुतला दहन के दौरान कोतवाली पुलिस के एक आरक्षक ने गृहमंत्री के नाम जलाए गए पुतला को जलते हुए पकड़ने की कोशिश की.
इस दौरान आग की चिंगारियां वहां खड़े पांच कांग्रेसियों के ऊपर भी आ गई, जिससे कांग्रेसी भी जल गए, जिससे नाराज कांग्रेसियों ने आरक्षक पर चढ़ाई कर दी और उसके साथ जमकर धक्का मुक्की भी की.
मौके पर मौजूद कोतवाली थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने आरक्षक को भीड़ से हटाकर गाड़ी पर बैठाया. हालांकि इस मामले में पुलिस के द्वारा कांग्रेसियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है.
क्या था मामला
भिलाई में रामनवमी के अवसर पर कन्या भोज के लिए निकली 6 साल की मासूम बच्ची के साथ उसी के सगे चाचा ने रेप कर हत्या कर दी थी.
आरोपी ने अपने ही घर पर वारदात को अंजाम दिया था. आरोपी ने हत्या के बाद लाश छुपाने के लिए पड़ोसी की कार का इस्तेमाल किया था.
आरोपी को मालूम था कि कार का एक दरवाजा खराब है. जिसका फायदा उठाते हुए आरोपी ने शव को कार में छिपा दिया था.
आरोपी ने बच्ची के प्राइवेट पार्ट को सिगरेट से दागने, के साथ एसिड भी डाला था. इसके अलावा इलेक्ट्रिक शॉक देने जैसी गंभीर बात भी सामने आई. हालांकि पुलिस ने कहा है कि इस मामले की जांच के बाद ही अंतिम रुप से कुछ कह पाना संभव होगा.