दंतेवाड़ा में 24 लोगों से भरी पिकअप पलटी, 2 की मौत
दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में शनिवार को तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
घायलों को सीआरपीएफ के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर दंतेवाड़ा जिला अस्पताल भेजा. बताया जा रहा है कि पिकअप में 24 लोग सवार थे.
पुलिस के मुताबिक घटना अरनपुर थाना क्षेत्र की है. बताया गया कि गोंडेरास से 24 लोग पिकअप वाहन में सवार होकर ताड़मेटला गए थे.
शनिवार दोपहर को ताड़मेटला से गोंडेरास गांव वापस लौट रहे थे.
इसी दौरान कोंडासांवली और कमल पोस्ट के बीच घाट में पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और अनियंत्रित होकर गाड़ी सड़क किनारे गढ्ढे में पलट गई.
हादसे में गोंडेरास निवासी मासा मड़कम (12) और सोढ़ी कोयदो (20) की मौत हो गई. वहीं 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं.
इस घटना की खबर लगते ही सीआरपीएफ 231 बटालियन के जवान और अफसर मौके पर पहुंचे.
सीआरपीएफ के डॉक्टरों ने तत्काल घायलों का उपचार शुरू किया. प्राथमिक इलाज के बाद अरनपुर से एंबुलेंस बुलवाकर सभी को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल भेजा गया.
जहां सभी घायलों का इलाज चल रहा है. वहीं मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
बताया गया कि इस दौरान कुछ घायलों को सीआरपीएफ के जवानों ने सीजीआर देकर भी जान बचाई.