शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ISI समर्थित 9 आतंकी गिरफ्तार; जंतर-मंतर पर हमले की थी साजिश

C

CG Khabar

05 अग. 2026, 06:07 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

जंतर-मंतर
जंतर-मंतर

अमृतसर । डेस्क: पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की गुप्तचर एजेंसी आईएसआई (ISI) द्वारा संचालित एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 9 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 नाबालिग भी शामिल हैं. अमृतसर पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में दो अलग-अलग आतंकी मॉड्यूलों के सदस्यों को पकड़ा गया. 


आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्तौल, चार पेट्रोल बम और नौ कारतूस बरामद किए गए हैं.


पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये संदिग्ध सीधे पाकिस्तान में बैठे आईएसआई हैंडलर्स के इशारों पर काम कर रहे थे. इनका मुख्य मकसद सीमावर्ती इलाकों में दहशत फैलाना, युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें आतंकी गतिविधियों में शामिल करना तथा हथियार और ड्रग्स की तस्करी करना था.


पूछताछ के दौरान एक आरोपी सुखमन सिंह ने खुलासा किया कि उन्हें दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान हमला करने की जिम्मेदारी दी गई थी. इसके लिए उन्होंने दिल्ली जाकर इलाके की रेकी भी की थी और उत्तर प्रदेश से हथियार तथा विस्फोटक जुटाए थे. 


हालांकि, वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम और भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण वे इस हमले को अंजाम नहीं दे सके और पंजाब वापस लौट आए. इसके अलावा, इस गिरोह को पंजाब में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की गतिविधियों और पुलिस मुख्यालय की रेकी का काम भी सौंपा गया था.


पुलिस ने बताया कि पहली कार्रवाई में राजासांसी इलाके से तीन नाबालिगों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनकी निशानदेही और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तरनतारन और अमृतसर से दूसरे मॉड्यूल के पांच अन्य सदस्यों को दबोचा गया. 


गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने भी जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के लिए फेशियल रिकॉग्निशन तकनीक का इस्तेमाल कर करीब 2,500 लोगों को चिह्नित किया था. फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP