शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

अलग-अलग दुर्घटनाओं में 9 की मौत

छत्तीसगढ़ अलग-अलग दुर्घटनाओं में 9 की मौत

C

CG Khabar

13 मार्च 2025, 12:36 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

दुर्घटनाओं में 9 की मौत
दुर्घटनाओं में 9 की मौत

बेमेतरा/ बलौदाबाजार/जांजगीर-चांपा/दंतेवाड़ा/कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में पांच अलग-अलग दुर्घटनाओं में 9 लोगों की मौत हो गई. बेमेतरा में एक सफारी वाहन पलटने से 3 लोगों की मौत हो गई, वहीं 8 लोग घायल हुए हैं. 


इसी तरह बलौदाबाजार के बिनौरी मोड़ पर कार और बाइक की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई. जांजगीर-चांपा में एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक ने दम तोड़ दिया. 

विज्ञापन


वहीं दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर से एक की मौत हो गई. वहीं तीन लोग घायल हो गए हैं. कोरबा के कुसमुंडा कोल माइन में 25 फीट नीचे गिरने से वेल्डर की जान चली गई. 


नहर में पलटी सफारी
पहली घटना गुरुवार को कवर्धा-बेमेतरा नेशनल हाईवे स्थित ग्राम सैगोना की है. सफारी वाहन के नहर में पलटने से 3 लोगों की जान चली गई. वहीं 8 लोग घायल हुए हैं. 


मरने वालों में 2 महिला और 1 पुरुष शामिल हैं. वाहन में कुल 11 लोग सवार थे. 


पुलिस के अनुसार सभी लोगो होली त्योहार के लिए रायपुर से कबीरधाम जिले के पिपरिया थाना के मरका गांव अपने घर जा रहे थे. 


घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतकों के नाम खुशबु वैष्णव, कमल चक्रधारी और साक्षी वैष्णव बताया जा रहा है. 


कार-बाइक में टक्कर
दूसरी घटना बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के बिनौरी मोड़ की है. कार और बाइक की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई. 


घटना आज गुरुवार शाम 5 बजे की है. बताया गया कि बाइक सवार शराब के नशे में थे. हादसे के बाद कार चालक ने पलारी थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया है.


मृतकों के नाम जागेश्वर सेन,  उनका तीन साल का बेटा और उनके दोस्त नवीन फेकर हैं. 


तीनों अमेरा के रहने वाले थे. जागेश्वर सेन अपने ससुराल पलारी आए हुए थे.


ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला

तीसरी घटना जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र की है. पीआईएल प्लांट के असिस्टेंट मैनेजर अजीत कुमार साहू गुरुवार को सुबह 6 बजे ए शिफ्ट की ड्यूटी के लिए बाइक से जा रहे थे. 


तभी भोजपुर मार्ग में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर से वह ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए.


 घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. 


दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत
चौथी घटना दंतेवाड़ा जिले के भांसी थाना क्षेत्र की है. यहां दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई. दोनों बाइक में चार लोग सवार थे. 


एक बाइक में सवार होकर दो लोग दंतेवाड़ा फागुन मेला देखने आ रहे थे. वहीं दूसरी बाइक में सवार लोग मेला देखकर वापस लौट रहे थे. 


उसी दौरान बचेली-दंतेवाड़ा मार्ग पर दोनों बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई. इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. 


जबकि तीन लोग घायल हैं. सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 


बताया गया कि मृतक और घायल युवक जंगमपाल और छोटे तोंगपाल के हैं. फिलहाल इनके नामों की जानकारी नहीं मिल पाई है. 


कुसमुंडा कोल माइन में वेल्डर की मौत
एक अन्य घटना कोरबा के कुसमुंडा थाना क्षेत्र की है. कोरबा के कुसमुंडा कोल माइन में किशन कुमार बिना सुरक्षा उपकरण के 25 फीट ऊंचाई पर वेल्डिंग का काम कर रहा था. 


बैलेंस बिगड़ने पर वह नीचे गिर गया. सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. घटना के समय किशन के साथ एक और युवक भी था जो सुरक्षित है. 


हादसे की खबर फैलते ही खदान में मजदूरों की भीड़ जमा हो गई. मजदूरों ने मुआवजे की मांग को लेकर कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की. 


बताया गया कि मृतक किशन कुमार यूपी-झारखंड का रहने वाला था और कोल वाशरी की एमपीटी केडीआई कंपनी के मेस में रहता था.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP